सुकमा :- आज कोन्टा विकास खण्ड के सुदूर क्षेत्र चिंतलनार पहुंचे छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग एवं आबकारी मंत्री कवासी लखमा। चिंतलनार में उपस्थित ग्रामीणों से मंत्री श्री लखमा रूबरू हुए और उनकी समस्याओं को तत्काल हल करने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। कैबिनेट मंत्री कवासी लखमा ने चिंतलनार में चल रहे जन सुविधा शिविर पहुंचकर शिविर में लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मंत्री लखमा द्वारा शिविर में बनाये गए राशन कार्ड, वन अधिकार पत्र, जाति प्रमाण पत्र आदि का ग्रामीणों को वितरण किया गया। वहीं चिंतलनार के अनिता देवी को 50 हजार रुपए का चेक मकान क्षति पूर्ति के लिए मंत्री लखमा ने प्रदान किया। शिविर में पहुंचे ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मंत्री कवासी लखमा ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा गांव गांव शिविर लगाकर प्रशासन को अंदरूनी गांव तक पहुंचा रही है जिससे ग्रामीणों को विभिन्न सेवाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने जल्द से जल्द भूमि सर्वे किये जाने की बात कही ताकि लोगों को उनका समुचित लाभ मिल सके। उन्होंने चिंतलनार बाजार रोड को शीघ्र बनाये जाने की घोषणा करते हुए स्टिमेन्ट बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए। शिविर में जिला पंचायत के उपाध्यक्ष बोड्डू राजा, जनपद पंचायत कोन्टा के अध्यक्ष सुन्नम नागेश, जिला पंचायत सदस्य आदम्मा मरकाम, सरपंच गण, सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण साथ ही पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, एसडीएम कोन्टा बनसिंग नेताम सही अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
विभिन्न ग्राम पंचायत के ग्रामीण हुए लाभान्वित :- कवासी लखमा केबिनेट मंत्री छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर हरिस. एस के मार्गदर्शन में जिले के ग्राम पंचायत चिन्तलनार में 11 जनवरी से 16 जनवरी तक जन सुविधा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आधार कार्ड, राशन कार्ड , निराश्रित पेंशन, आयुष्मान कार्ड, ऋण पुस्तिका, वन अधिकार पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र आदि बनाए गए। शिविर से चिन्तलनार, चिमलीपेंटा, कुन्देड़, मोरपल्ली, एमपल्ली, कामाराम, नागाराम, केरलापेंटा, मुकरम, ताड़मेटला, सुरपनगुड़ा पंचायत के ग्रामीण लाभान्वित हुए। शिविर में 643 राशन कार्ड, 720 आधार कार्ड, 236 आयुष्मान हेल्थ कार्ड बनाए गए। इसी प्रकार निराश्रित पेंशन 51, ऋण पुस्तिका 40, वन अधिकार पत्र 33, जन्म प्रमाण पत्र 44 और 46 जाति प्रमाण पत्र बनाकर वितरण किया गया।
