रायपुर एवं बिलासपुर खेल अकादमी में निःशुल्क प्रशिक्षण हेतु जिला स्तरीय ट्रायल संपन्न
हाॅकी-तीरंदाजी एवं एथलेटिक्स में जिले के खिलाड़ी छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा
बीजापुर 23 फरवरी 2021ः. रायपुर एवं बिलासपुर खेल अकादमी में हाॅकी, तीरंदाजी एवं एथलेटिक्स विधा में निःशुल्क प्रशिक्षण के लिए जिला स्तरीय ट्रायल चयन स्पर्धा स्थानीय मिनी स्टेडियम में संपन्न हुई।
जिसमें बीजापुर जिले के खिलाड़ी छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस हेतु कुल 116 खिलाड़ी छात्र-छात्राओं ने पंजीयन कराया था, जिसमें 76 बालक एवं 40 बालिकाएं सम्मिलित हैं। जिला स्तरीय ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय ट्रायल स्पर्धा के लिए रायपुर एवं बिलासपुर भेजा जायेगा, जहां वे पुनः ट्रायल स्पर्धा में भाग लेंगे। जिला स्तरीय ट्रायल स्पर्धा में खेल संचालनालय के प्रतिनिधी दंतेवाड़ा के खेल अधिकारी श्री सतीश श्रीवास्तव एवं सुकमा में खेल अधिकारी श्री विरूपाक्ष पौराणिक प्रेक्षक के रूप में मौजूद थे। इस दौरान बीजापुर खेल अकादमी के सभी प्रशिक्षक और खेल अधिकारी सह प्रभारी बीजापुर स्पोर्टस अकादमी श्री सोपान कर्णेवार ने मौजूद रहकर जिला स्तरीय ट्रायल स्पर्धा को संपन्न कराया।
