युवा रत्न सम्मान योजना: युवाओं से 30 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित

विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं को मिलेगा सम्मान, एक लाख रुपये तक की नकद राशि से होंगे सम्मानित

महासमुंद – छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ‘छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान योजना’ शुरू की गई है। इस योजना का उद्देश्य युवा कल्याण के क्षेत्र में अविस्मरणीय कार्य, उत्कृष्ट सेवाएं और अभिनव प्रयास करने वाले युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों को प्रोत्साहित करना तथा उनके योगदान को पहचान दिलाना है। इसके लिए जिले के इच्छुक युवाओं एवं संगठनों से 30 अक्टूबर 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
विभिन्न क्षेत्रों में मिलेगा सम्मान
योजना के अंतर्गत असाधारण एवं विशिष्ट सेवा कार्यों के लिए युवाओं को 2.5 लाख रुपये तथा स्वैच्छिक संगठनों को 5 लाख रुपये का पुरस्कार दिए जाने का प्रावधान है।
इसके अलावा सामाजिक सेवा, साहित्य, उद्योग एवं व्यापार, शिक्षा, खेल, पर्यावरण संरक्षण, महिला एवं बाल विकास (केवल महिलाओं के लिए), मीडिया, स्वास्थ्य सेवा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, दिव्यांगजन, कला एवं संगीत तथा लोककला के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले एक युवा को एक लाख रुपये की नकद राशि, सम्मान पत्र, पदक एवं शॉल प्रदान किया जाएगा।
आवेदन के लिए पात्रता
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना अनिवार्य है। आयु संबंधी निर्धारित शर्तों के अनुसार, आवेदक की आयु 1 अप्रैल 2026 को न्यूनतम 15 वर्ष तथा 31 मार्च 2027 तक अधिकतम 29 वर्ष होनी चाहिए।
कहां करें आवेदन?
इच्छुक युवा एवं संगठन अपना आवेदन कार्यालय जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण, महासमुंद में 30 अक्टूबर 2026 तक जमा कर सकते हैं।
योजना एवं आवेदन प्रक्रिया से संबंधित अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 70893-01084 एवं 88890-33244 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त, खेल विभाग छत्तीसगढ़, रायपुर की आधिकारिक वेबसाइट www.sportsyw.cg.gov.in पर जाकर योजना की मार्गदर्शिका तथा व्यक्तिगत एवं संगठन श्रेणी के आवेदन पत्र प्राप्त किए जा सकते हैं।