परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ घुड़सवारों के हैरतअंगेज करतब रहेंगे आकर्षण का केंद्र
धमतरी – धमतरी में इस वर्ष 15 अगस्त को 80वें स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह राष्ट्रगौरव, संस्कृति और रोमांच से भरपूर होगा। समारोह में पहली बार पारंपरिक परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हॉर्स राइडिंग का विशेष प्रदर्शन दर्शकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा।
इससे पहले स्वतंत्रता दिवस समारोह में नारायणपुर (अबूझमाड़) के पारंपरिक मलखंभ प्रदर्शन ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया था। इस बार समारोह में ब्रिगो हेक्टर (ब्रेगो एंड हेक्टर) कंपनी द्वारा घुड़सवारी से जुड़े विभिन्न रोमांचक करतब प्रस्तुत किए जाएंगे।
कंपनी के मास्टर गुरु गीता दहिया ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान हॉर्स राइडिंग के साथ टेंट ड्राइविंग, बकेट राइडिंग, ग्रुप टेंट इंडियन ड्राइविंग, फाइल, जंपिंग और इंडियन वॉलीबॉल सहित कई रोमांचक प्रस्तुतियां शामिल रहेंगी। प्रशिक्षित घोड़ों और कुशल घुड़सवारों के सहयोग से होने वाला यह प्रदर्शन दर्शकों के लिए साहस और रोमांच से भरपूर अनुभव होगा।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शन में विदेशी नस्लों के घोड़े भी शामिल होंगे, जिनमें इंग्लैंड, जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया की नस्लों के घोड़े शामिल हैं। घोड़ों को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया है तथा प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह डॉ. शोभाराम देवांगन शासकीय माध्यमिक विद्यालय के एकलव्य खेल परिसर में आयोजित किया जाएगा।कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं और साहसिक प्रतिभाओं को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि धमतरी के स्वतंत्रता दिवस समारोह में हर वर्ष कुछ नया और विशेष देखने को मिलता है। नारायणपुर (अबूझमाड़) के मलखंभ प्रदर्शन के बाद इस वर्ष पहली बार हॉर्स राइडिंग का आयोजन समारोह को और अधिक आकर्षक एवं यादगार बनाएगा।कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में पहुंचकर राष्ट्रीय पर्व के इस गौरवपूर्ण समारोह में सहभागी बनें।जिला मुख्यालय में आयोजित 15 अगस्त के मुख्य समारोह में कुरुद विधायक अजय चंद्राकर मुख्य अतिथि होंगे।
