धमतरी – उच्च शिक्षा प्राप्त करने की इच्छुक छात्राओं के लिए अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन की वार्षिक छात्रवृत्ति योजना एक बड़ा अवसर लेकर आई है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन का पहला चरण 10 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक खुला रहेगा। जिला प्रशासन और उच्च शिक्षा विभाग ने सभी पात्र छात्राओं तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए तैयारी शुरू कर दी है।यह छात्रवृत्ति उन छात्राओं के लिए है जिन्होंने 10वीं और 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद किसी मान्यता प्राप्त सरकारी या निजी संस्थान में 2 से 5 वर्ष की अवधि वाले स्नातक या व्यावसायिक पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया है। चयनित छात्राओं को प्रतिवर्ष 30,000 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।धमतरी जिले में इस योजना का अच्छा प्रभाव देखने को मिला है। पिछले दो वर्षों में जिले की 827 छात्राओं को कुल 2.48 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति दी जा चुकी है, जिससे उन्हें उच्च शिक्षा जारी रखने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने में मदद मिली है।जिला प्रशासन ने सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों एवं संबंधित अधिकारियों को पात्र छात्राओं की पहचान कर आवेदन प्रक्रिया में सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। छात्राओं और उनके अभिभावकों से भी अपील की गई है कि अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते आवश्यक दस्तावेज तैयार कर आवेदन करें।
योजना से जुड़ी जानकारी या सहायता के लिए अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन हेल्पलाइन (व्हाट्सएप): +91 90199 60536 पर संपर्क किया जा सकता है। आवेदन का दूसरा चरण 10 जनवरी से 31 जनवरी 2027 तक आयोजित होगा।
