थाना प्रभारी की पहल: आत्महत्या व साइबर अपराध पर व्यापक जागरूकता अभियान

पखांजूर/बांदे – क्षेत्र में बढ़ते आत्महत्या और साइबर अपराध के मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक कांकेर के दिशा-निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना बांदे द्वारा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी बांदे कर रहे हैं।अभियान के तहत पुलिस टीम गांव-गांव और स्कूलों में पहुंचकर लोगों से सीधे संवाद कर रही है। जनसंपर्क के माध्यम से नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं को आत्महत्या जैसी प्रवृत्तियों से दूर रहने तथा साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है।इसी कड़ी में थाना बांदे क्षेत्र के हायर सेकेंडरी स्कूल कुरेनार में बीट प्रभारी एवं बीट आरक्षक की उपस्थिति में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, आत्महत्या रोकथाम, महिला संबंधी अपराध, बाल अपराध तथा ‘गुड टच-बैड टच’ के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

साइबर अपराध से बचाव की दी गई जानकारी

पुलिस द्वारा विद्यार्थियों और ग्रामीणों को बताया गया कि किसी भी अज्ञात लिंक, कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें। बैंकिंग जानकारी, ओटीपी या पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध ऑनलाइन लेन-देन या धोखाधड़ी होने पर तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं तथा सोशल मीडिया का उपयोग सावधानीपूर्वक करें।

आत्महत्या रोकथाम पर विशेष जोर

कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने बताया कि जीवन अनमोल है और हर समस्या का समाधान संभव है। तनाव या परेशानी की स्थिति में परिवार, मित्र या भरोसेमंद व्यक्ति से संवाद करें तथा जरूरत पड़ने पर मदद लेने में संकोच न करें। “एक कदम रुकें, सोचें और बात करें” जैसे संदेशों के माध्यम से सकारात्मक सोच विकसित करने की अपील की गई।

पुलिस की अपील

थाना बांदे पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, साइबर ठगी या मानसिक तनाव की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें। जागरूकता ही सुरक्षा का सबसे बड़ा माध्यम है।

इस अभियान को लेकर ग्रामीणों और विद्यार्थियों में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है तथा लोग बढ़-चढ़कर इसमें भाग ले रहे हैं। पुलिस प्रशासन का यह प्रयास क्षेत्र में सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।