वन विभाग की बड़ी कार्रवाई- अवैध सागौन चिरान व रेंदा मशीन जप्त

पामेड़ में छापेमारी, वन अपराध दर्ज
बीजापुर – वन एवं वन्य संपदा के संरक्षण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीजापुर वन विभाग ने ग्राम पामेड़ में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संग्रहित सागौन चिरान एवं एक रेंदा मशीन जप्त की है। यह कार्रवाई वनमण्डलाधिकारी  जाधव सागर रामचंद्र एवं उप वनमण्डलाधिकारी, आवापल्ली के निर्देशन में वन अमले द्वारा की गई।
छापेमारी के दौरान ग्राम पामेड़ निवासी पवन कुमार गडपा, पिता श्री मुक्तैया के घर की तलाशी लेने पर सागौन चिरान (पलंग फ्रेम सहित) कुल 15 नग, जिसकी कुल मात्रा 0.202 घन मीटर पाई गई। इसके अलावा बढ़ईगिरी कार्य में उपयोग की जाने वाली एक रेंदा मशीन भी बरामद कर जप्त की गई। जप्त रेंदा मशीन का अनुमानित मूल्य 30 हजार रुपये तथा सागौन काष्ठ का मूल्य 14 हजार 631 रुपये आंका गया है।
उक्त प्रकरण में पी.ओ.आर. क्रमांक 9761/17, दिनांक 24 जुलाई 2026 के तहत वन अपराध पंजीबद्ध कर जप्त सामग्री को कार्टिंग चालान क्रमांक 230/01 के माध्यम से काष्ठागार डिपो, बीजापुर में सुरक्षित जमा कराया गया है। वन विभाग द्वारा जिले में अवैध कटाई, परिवहन एवं काष्ठ के अवैध भंडारण के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। विभाग ने आम नागरिकों से भी वन एवं वन्य संपदा की सुरक्षा में सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की अपील की है।

*जारी रहेगी कार्यवाही- डीएफओ*
वनमण्डलाधिकारी श्री जाधव सागर रामचंद्र ने कहा, “वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। वन माफियाओं को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। हमारी टीम पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ वनों की सुरक्षा में जुटी है। वन अपराधों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी और अधिक प्रभावी ढंग से जारी रहेगा।”