एनएमडीसी के स्वतंत्र निदेशक मंडल की टीम का किरंदुल प्रवास -श्रम संघ इंटक एवं एटक ने वेतन पुनरीक्षण की रखी बात 

किरंदुल – एनएमडीसी के स्वतंत्र निदेशक मंडल के सम्माननीय सदस्य भारत बाबूराव पाटील , महेन्द्र सिंह राव एवं अचल कुमार सिन्हा के किरंदुल प्रवास के दौरान कर्मचारियों के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक एवं सकारात्मक चर्चा हुई। इस अवसर पर किरंदुल के दोनों प्रमुख श्रमिक संगठनों संयुक्त खदान मजदूर संघ (एटक)और मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक) के अध्यक्ष एवं सचिव के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट कर वर्ष 2022 से लंबित वेतन पुनरीक्षण के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया।

प्रतिनिधिमंडल ने निदेशक मंडल को अवगत कराया कि एनएमडीसी कर्मचारियों के वेतन पुनरीक्षण से संबंधित फाइल लगभग दो वर्ष से भारत सरकार के इस्पात मंत्रालय में विचाराधीन प्रक्रिया में है कि जानकारी मिली है। कर्मचारियों के हित, मनोबल तथा कंपनी के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए इस विषय का शीघ्र एवं सकारात्मक निराकरण अत्यंत आवश्यक है। इस संबंध में केंद्रीय इस्पात मंत्री एवं इस्पात सचिव से आवश्यक पहल कराने का अनुरोध भी किया गया।इस अवसर पर मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक) की ओर से अध्यक्ष विनोद कश्यप, सचिव ए.के. सिंह एवं कार्यकारी अध्यक्ष चिन्ना स्वामी, और एसकेएमएस (एटक) की ओर से अध्यक्ष देवरायलू, कार्यकारी अध्यक्ष रोशन मिश्रा तथा कोषाध्यक्ष देवेन्द्र कटारिया उपस्थित रहे। दोनों संगठनों के प्रतिनिधियों ने एकजुटता का परिचय देते हुए कर्मचारियों की वर्षों से लंबित मांगों को तथ्यात्मक, प्रभावी एवं गरिमापूर्ण ढंग से स्वतंत्र निदेशक मंडल के समक्ष प्रस्तुत किया। यूनियन प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से वर्ष 2022 से लंबित वेतन पुनरीक्षण पर शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह करते हुए कहा कि कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और कंपनी की प्रगति के अनुरूप उनका न्यायोचित अधिकार समय पर मिलना आवश्यक है। दोनों श्रमिक संगठनों ने कंपनी एनएमडीसी और कर्मचारियों के हितों की रक्षा के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता भी दोहराई।

स्वतंत्र निदेशक मंडल के सदस्यों ने दोनों श्रमिक संगठनों द्वारा रखे गए सुझावों एवं मांगों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा वेतन पुनरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए आवश्यक स्तर पर प्रभावी पहल का आश्वासन दिया। इस अवसर पर बीआईओएम किरंदुल कॉम्प्लेक्स के अधिशासी निदेशक रविन्द्र नारायण , मुख्य महाप्रबंधक (वर्क्स) किशन आहुजा , महाप्रबंधक एस.के. कोचर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।