‘मिशन नवचेतना’ के तहत नशे के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई, अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क पर कड़ा प्रहार
मध्यप्रदेश के रायसेन एवं भोपाल से एनडीपीएस प्रकरण के 02 फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने में बालोद पुलिस को मिली सफलता।
पूर्व में 72.621 किलोग्राम गांजा, 04 मोटरसाइकिल एवं 06 मोबाइल सहित कुल ₹40.52 लाख की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।
अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत गिरोह के अंतिम आरोपी तक पहुंचकर कार्रवाई, सभी 07 आरोपी गिरफ्तार।
बालोद – पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डौण्डीलोहारा बोनीफास एक्का के पर्यवेक्षण में मिशन नवचेतना के अंतर्गत मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान में बालोद पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। थाना डौण्डीलोहारा के एनडीपीएस प्रकरण में फरार चल रहे 02 अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को मध्यप्रदेश के रायसेन एवं भोपाल से गिरफ्तार किया गया है।
पूर्व में 09 जून 2026 को साइबर सेल एवं थाना डौण्डीलोहारा की संयुक्त टीम ने ग्राम भेड़ी मुख्य मार्ग के पास कार्रवाई करते हुए 05 आरोपियों के कब्जे से 72.621 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग ₹36,31,050), 04 मोटरसाइकिल एवं 06 मोबाइल फोन सहित कुल ₹40,52,050 मूल्य की संपत्ति जब्त कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा था। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी मौके से फरार हो गया था तथा पूछताछ में गिरोह के मुख्य सरगना का नाम सामने आया था।
प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण द्वारा विशेष टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों, साइबर विश्लेषण एवं लगातार पतासाजी के आधार पर टीम को मध्यप्रदेश रवाना किया गया। टीम ने रायसेन एवं शुकी सेवरिया (भोपाल) में दबिश देकर फरार आरोपी एवं गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर बालोद लाया। दोनों आरोपियों से पूछताछ में मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं, जिन पर विवेचना जारी है।
इस कार्रवाई के साथ ही इस प्रकरण में कुल 07 आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। बालोद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी रहेगी तथा इस अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण ने कहा कि “मिशन नवचेतना” के तहत बालोद पुलिस का उद्देश्य केवल मादक पदार्थों की जब्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के संपूर्ण नेटवर्क को ध्वस्त करना, युवाओं को नशे से बचाना तथा समाज को नशामुक्त एवं सुरक्षित बनाना है। नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।
मध्यप्रदेश से गिरफ्तार आरोपी:-
1. सतनाम गोड़, पिता धिरा गोड़, उम्र 31 वर्ष, निवासी राहुल नगर, वार्ड-14, जिला रायसेन (म.प्र.)।
2. भगवान सिंह बंजारा उर्फ भग्गु, पिता माघता लाल, उम्र 21 वर्ष, निवासी एकता नगर, शुकी सेवरिया, जिला भोपाल (म.प्र.)।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी डौण्डीलोहारा निरीक्षक सुनील तिर्की, सउनि अनित राम यादव, आरक्षक बेनीराम साहू, साइबर सेल से सउनि धरम भुआर्य, प्रधान आरक्षक विवेक शाही, आरक्षक विपिन गुप्ता, पुरन देवांगन, भोपसिंह साहू एवं गुलजारी साहू की सराहनीय भूमिका रही।
बालोद पुलिस का संदेश
“मिशन नवचेतना के तहत नशे के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध कारोबार एवं अपराध में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” ’’सुरक्षित युवा,समृद्ध बालोद’’
बालोद पुलिस
आपातकालीन सेवा:- 112 |
साइबर हेल्पलाइन:- 1930
मिशन नवचेतना:- हेल्पलाइन नंबर – 1933
