स्वस्थ आयु के लिए योग की थीम पर एनएमडीसी किरंदुल में मनाया गया अन्‍तर्राष्‍ट्रीय योग दिवस 

( किरंदुल परियोजना प्रमुख रबिन्द्र नारायण भी हुए शामिल )

किरंदुल – एनएमडीसी की बैलाडीला लौह अयस्‍क खदान, किरंदुल में मुख्‍य अतिथि रवीन्‍द्र नारायण, अधिशासी निदेशक के निर्देशन में परियोजना विद्यालय के सभागार में अन्‍तर्राष्‍ट्रीय योग दिवस की थीम स्वस्थ आयु के लिए योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।    सर्वप्रथम परियोजना विद्यालय के सभागार में मुख्‍य अतिथि रवीन्‍द्र नारायण, अधिशासी निदेशक और प्रेरणा महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती नमिता नारायण, इंटक सचिव ए के सिंह व अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्‍ज्‍वलन कर कार्यक्रम की शुरूआत की। मुख्‍य अतिथि एवं विशिष्‍ट अतिथियों का पुष्‍पगुच्‍छ देकर स्‍वागत किया गया। एम तिरुपति राव, उप महाप्रबंधक मानव संसाधन ने स्‍वागत भाषण प्रस्‍तुत किया । योग दिवस के अवसर पर परियोजना प्रमुख रविंद्र नारायण ने अपने संबोधन में कहा कि योग हमारी प्राचीन भारतीय संस्‍कृति का महत्‍वपूर्ण हिस्‍सा है। योग एक शारीरिक क्रिया है। योग हमारे शरीर, मन और ध्‍यान को जोड़ता है। तत्‍पश्‍चात योग शिक्षक ध्रुव ने उपस्थितों को प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, पद्मासन, व्रजासन, श्‍वासन व सूर्यनमस्‍कार आदि आसनों एवं सहज योग ध्‍यान का अभ्‍यास कराया। कार्यक्रम के दौरान के.पी.सिंह, मुख्‍य महाप्रबंधक उत्‍पादन, एम.सुब्रमण्‍यन, महाप्रबंधक संयंत्र आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन पारितोष तिवारी ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मानव संसाधन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्‍वपूर्ण योगदान रहा। इसी प्रकार परियोजना स्थित फुटबॉल ग्राउंड व सामाजिम भवनों में भी अन्‍तर्राष्‍ट्रीय योग दिवस पर नगरवासियों द्वारा योगाभ्‍यास किया गया।