गरियाबंद – छत्तीसगढ़ शासन के आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के निर्देशानुसार शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोक कला महोत्सव के अंतर्गत जिला स्तरीय आदिवासी लोक कला (नृत्य) प्रतियोगिता का आयोजन 10 नवंबर 2026 को जिला मुख्यालय गरियाबंद में किया जाएगा। प्रतियोगिता में जिले के गरियाबंद, छुरा, मैनपुर, फिंगेश्वर एवं देवभोग विकासखंड के आदिवासी लोक कला नर्तक दल हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिता में शामिल होने के इच्छुक नर्तक दल 9 नवंबर 2026 तक कार्यालय सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास, जिला गरियाबंद के कक्ष क्रमांक 56 में अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त श्री लोकेश्वर पटेल ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एक नर्तक दल का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। चयनित दल 13 नवंबर 2026 को जिला मुख्यालय रायगढ़ में संभावित राज्य स्तरीय आयोजन में गरियाबंद जिले का प्रतिनिधित्व करेगा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले दल को एक लाख रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले दल को 50 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दल को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। जिला प्रशासन ने जिले के समस्त आदिवासी लोक कलाकारों एवं नर्तक दलों से निर्धारित समय-सीमा में आवेदन प्रस्तुत कर प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।
शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोक कला महोत्सव 10 नवंबर को गरियाबंद में
जिला स्तरीय नृत्य प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 9 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन
