धमतरी – जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए लगातार कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के निर्देश और आबकारी विभाग की सक्रिय निगरानी के चलते अवैध कारोबारियों पर शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में आबकारी विभाग ने गहनासियार गांव में छापेमार कार्रवाई कर 10 लीटर महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।जानकारी के अनुसार गहनासियार निवासी हीरालाल के कब्जे से 10 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। मामले में आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व 16 जून को कोपेडीह गांव में भी आबकारी विभाग ने 8 लीटर महुआ शराब जब्त कर एक आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की थी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है।यह कार्रवाई आबकारी उपनिरीक्षक निशांत साधु के नेतृत्व में की गई। अभियान में विवेक दीवान, अजय कश्यप, गिरजा शंकर बघेल, मुख्य आरक्षक मुरली सोनी, आरक्षक प्रशांत यादव, सोमी पालेश्वर, नीरज, राजकिशोर और कौशल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।आबकारी विभाग ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि कहीं भी अवैध शराब के निर्माण, भंडारण अथवा बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल विभाग को सूचित करें। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
