सरायपाली को 1.67 करोड़ की विकास सौगात, अटल प्रतिमा का हुआ लोकार्पण।

सरायपाली में 13 विकास कार्यों का किया लोकापर्ण एवं भूमिपूजन,167.37 लाख।

रुपये की लागत से मिलेगी नगरवासियों को सुविधाएं।

महासमुंद:- सरायपाली नगर पालिका परिषद के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण दिन रहा। इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने नगर क्षेत्र में 13 विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर 167.37 लाखरुपये की विकास निधि नगर को समर्पित की। कार्यक्रम में सांसद रूपकुमारी चौधरी, सरायपाली विधायक चातुरी नंद, बसना विधायक संपत अग्रवाल सहित कई गणमान्य अतिथि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। उपमुख्यमंत्री साव द्वारा 87.36 लाख रुपये लागत के 7 कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें घंटेश्वरी मंदिर के समीप अटल परिसर का निर्माण, मूर्ति स्थापना एवं सौंदर्यीकरण (28.16 लाख), अघरिया समाज छात्रावास में डोम निर्माण (30 लाख), तथा विभिन्न वार्डों में बस स्टॉप का निर्माण (29.20 लाख) शामिल है। वहीं, भूमिपूजन अंतर्गत 80.01 लाख रुपये के 6 कार्य प्रारंभ किए गए, जो 15वें वित्त आयोग के तहत स्वीकृत हैं। इनमें वार्ड क्रमांक 05 में विद्युत व्यवस्था (4.23 लाख), वार्ड 01 में पाइपलाइन विस्तार (6.23 लाख), फुटपाथ (15.70 लाख), शेड निर्माण (25.79 लाख), पीवीसी टंकी एवं पाइपलाइन कार्य (10.76 लाख), तथा सम्पवेल निर्माण (17.30 लाख) शामिल हैं। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा का अनावरण रहा। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को नमन किया।उपमुख्यमंत्री साव ने अपने उद्बोधन में कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक नागरिक तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचे। सरायपाली में आज जिन कार्यों की शुरुआत हुई है, वे विकास की दिशा में एक मजबूत कदम हैं। उन्होंने आगे बताया कि राज्य सरकार ने अब तक 18 लाख आवास स्वीकृत किए हैं, और आने वाले समय में कोई भी गरीब परिवार बिना घर के न रहे, यह सरकार का लक्ष्य है। किसानों को भी प्रति एकड़ 3100 रुपये की दर से समर्थन मूल्य दिया जा रहा है। सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि सरायपाली का चहुंमुखी विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने अटल परिसर की सौगात को गौरवपूर्ण बताते हुए राज्य सरकार की विकासपरक सोच की सराहना की। विधायक चातुरी नंद ने अटल जी को प्रेरणास्त्रोत बताते हुए कहा कि इस प्रतिमा का अनावरण नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा। उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं को भी मंच से साझा किया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती पटेल, जनपद अध्यक्ष लक्ष्मी पटेल, नगर पंचायत अध्यक्ष बसना खुशबू अग्रवाल, नेहरू निषाद सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं नगरवासी उपस्थित रहे।