छत्तीसगढ़ खाद्य आयोग के अध्यक्ष बने संदीप शर्मा, रायपुर में भव्य शपथ समारोह संपन्न।

रायपुर – रायपुर स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित एक प्रतिष्ठित समारोह में छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष संदीप शर्मा ने अपने पद की शपथ ग्रहण की। कार्यक्रम में राज्य की राजनीति और प्रशासनिक व्यवस्था की गरिमामय उपस्थिति देखने को मिली।इस अवसर पर विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने शर्मा को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और कहा कि खाद्य आयोग की भूमिका राज्य के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित और संतुलित आहार उपलब्ध कराने में अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संदीप शर्मा के अनुभव एवं दूरदर्शी सोच से आयोग को नई दिशा मिलेगी और यह संस्था खाद्य सुरक्षा एवं पोषण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देगी। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि खाद्य सुरक्षा कोई साधारण नीति नहीं, बल्कि यह हर व्यक्ति का संवैधानिक अधिकार है। इसके क्रियान्वयन में संवेदनशीलता और जवाबदेही जरूरी है। उन्होंने कहा कि खाद्य आयोग की भूमिका सिर्फ प्रशासनिक नहीं, बल्कि यह सामाजिक न्याय की स्थापना का माध्यम है। उन्हें विश्वास है कि श्री शर्मा के नेतृत्व में आयोग जरूरतमंदों और वंचित वर्गों तक समुचित पोषण पहुंचाने में सफल रहेगा। उन्होंने यह भी जोड़ा कि पारदर्शिता और संवेदनशीलता खाद्य सुरक्षा के मूल स्तंभ हैं, और हमें हर स्तर पर इसे सुनिश्चित करना होगा। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, खेल मंत्री टंक राम वर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, बिल्हा विधायक धर्मलाल कौशिक,रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत, ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, महापौर मीनल चौबे, तथा निगम-मंडलों के अनेक अध्यक्ष एवं गणमान्यजन मौजूद रहे। समारोह का समापन सभी प्रमुख अतिथियों द्वारा संदीप शर्मा को शुभकामनाएं देने और खाद्य आयोग की आगामी रणनीतियों पर चर्चा के साथ संपन्न हुआ।उपस्थितजनों ने इसे राज्य में खाद्य नीति को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।