महासमुंद – कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशन में जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ सख्त अभियान जारी है। इसी कड़ी में खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने महासमुंद विकासखंड के ग्राम मोहकम में छापेमारी कर रेत का गैरकानूनी परिवहन करते 5 हाइवा वाहनों को जब्त किया। इन वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से तुमगांव थाना परिसर में खड़ा किया गया है।खनिज अधिकारी योगेन्द्र सिंह ने बताया कि जब्त किए गए वाहनों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस अधिनियम के तहत दोषियों को 2 से 5 वर्ष तक की सजा का प्रावधान है। साथ ही, संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया जाएगा।खनिज विभाग पहले भी स्पष्ट रूप से खनिज पट्टेदारों और परिवहनकर्ताओं कोनिर्देश दे चुका है कि बिना वैध पास के रेत का उत्खनन, ढुलाई या भंडारण करना कानून का उल्लंघन है। कलेक्टर के आदेशानुसार जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
