पिछले कार्यकाल में 742 से बढ़कर 1552 हुई थी मेम्बरशिप .
वर्तमान कोषाध्यक्ष ने पूर्व पदाधिकारियों पर लगाए आरोप .
किरंदुल – दक्षिण बस्तर में ट्रक मालिकों की सबसे बड़ी संस्था बैलाडीला ट्रक ओनर्स एसोसिएशन यानी बिटीओ के वार्षिक चुनाव की तिथि के नजदीक आते ही बैलाडीला ट्रक ओनर्स एसोसिएशन के सदस्यों में चुनावी सरगर्मियां तेज हो चली है । साथ ही पूर्व और वर्तमान कमेटी के सदस्यों में आरोप प्रत्यारोप का दौर भी मीडिया के माध्यम से जारी हो गया है । उल्लेखनीय हैं कि बैलाडीला ट्रक ओनर्स एसोसिएशन बिटीओ का पिछला एक वर्षीय चुनाव 31 जुलाई को भारी भरकम हंगामे के बीच संपन्न हुआ था ।उल्लेखनीय हैं कि विगत दिनों मीडिया से चर्चा पर बैलाडीला ट्रक ओनर्स एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष राकेश सिंह गौतम ने कहा था कि बिटीओ के ट्रक मालिकों को पिछले कार्यकाल की तुलना में ट्रकों के फेरे कम मिले हैं जिस कारण ट्रक मालिकों के सामने आर्थिक संकट गहराने के संकेत भविष्य में दिखलाई दे रहे हैं ।
बैलाडीला ट्रक ओनर्स एसोसिएशन बिटीओ के पूर्व अध्यक्ष राकेश सिंह गौतम के द्वारा मीडिया को दिये गए इस बयान पर पलटवार करते हुए बैलाडीला ट्रक ओनर्स एसोसिएशन के वर्तमान कोषाध्यक्ष मनीष नायक ने मीडिया से कहा कि बैलाडीला ट्रक ओनर्स एसोसिएशन के पिछले कार्यकालों के अध्यक्ष ,सचिव और पदाधिकारियों ने जिस तरह से रेवड़ियों की तरह सदस्यता बांटी थी । उस का ही खामियाजा आज बैलाडीला ट्रक ओनर्स एसोसिएशन बिटीओ के ट्रक के मालिकों को भुगतना पड़ रहा है ।मनीष नायक ने आगे कहा कि पिछले कार्यकाल की शुरुआत में बैलाडीला ट्रक ओनर्स एसोसिएशन बिटीओ में कुल 742 मेम्बरशिप थी जिस कारण सभी ट्रकों को भरपूर माल मिलता था परंतु पिछले कार्यकाल के पदाधिकारियो ने रेवड़ियों की तरह मेम्बरशिप को बाटते हुए मेम्बरशिप की संख्या 1552 कर दी ।जिस कारण इस कार्यकाल में ट्रकों के उतने फेरे नहीं मिल पा रहे हैं ।जिस कारण बैलाडीला ट्रक ओनर्स एसोसिएशन यानी बिटीओ कि पिछली कमेटी की अनिमितताओं का खामियाजा वर्तमान में ट्रक मालिकों को भुगतना पड़ रहा है ।
