महासमुंद:-छत्तीसगढ़ शासन की मंत्रिमंडल बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में महासमुंद शहर के क्लबपारा मेन रोड स्थित पुराने. अनुपयोगी शासकीय भवनों और भूमि के सुव्यवस्थित पुनर्विकास हेतु रीडेवलपमेंट योजना को स्वीकृति दी गई है।इस महत्वपूर्ण फैसले पर स्थानीय विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा के निवास पहुंचकर नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिका, नेता प्रतिपक्ष नानू भाई, पार्षदगण पियूष साहू, सीता डोंडेकर, माखन पटेल, भाजपा उपाध्यक्ष राजू चंद्राकर, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष सोनाधर सोनवानी और अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं, साल और श्रीफल भेंटकर आभार व्यक्त किया।इस योजना के तहत 7400 लाख रुपये (74 करोड़ रुपये) की लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 353 पर स्थित पुराने सिविल क्वार्टर्स क्षेत्र में व्यावसायिक परिसर और आवासीय फ्लैट्स का निर्माण किया जाएगा। लगभग 5 एकड़ भूमि पर बनने वाले इस प्रोजेक्ट में ग्राउंड फ्लोर पर व्यावसायिक परिसर और ऊपर के तल पर आवासीय फ्लैट्स का निर्माण होगा। समस्त निर्माण कार्य छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा कराया जाएगा।नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने बताया कि इस परियोजना से न केवल शहर का सौंदर्यीकरण होगा, बल्कि व्यवसायिक गतिविधियों में वृद्धि, स्थानीय रोजगार सृजन, और निवास के लिए आधुनिक सुविधा युक्त फ्लैट्स की उपलब्धता भी सुनिश्चित होगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल, सांसद रूपकुमारी चौधरी और गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव के प्रति आभार प्रकट किया गया और इस परियोजना को महासमुंद की जनता के लिए एक बड़ी सौगात बताया गया।
