महासमुंद : पुलिस ने एक बड़े अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के मामले का खुलासा करते हुए अनानास फलों के नीचे छिपाकर 5 क्विंटल गांजा की तस्करी कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए गांजा की अनुमानित बाजार कीमत करीब 75 लाख रुपये आँकी गई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उड़ीसा से यह गांजा लेकर उत्तर प्रदेश में बेचने के लिए ले जा रहा था। आरोपी के खिलाफ थाना कोमाखान में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, थाना कोमाखान को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति उड़ीसा से महासमुंद की ओर एक कत्थई रंग की आईसर ट्रक (CG 12 BR9833) में बोरियों में छिपाकर गांजा लेकर आ रहा है। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने टेमरी नाका पर निगरानी शुरू की और संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आता हुआ उक्त ट्रक दिखाई दिया, जिसे रोककर तलाशी ली गई। वाहन चालक की पहचान विजय कुमार राजपूत, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम सबलपुर, थाना जसराना, जिला फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। वाहन की तलाशी में ट्रॉली के पीछे बड़ी मात्रा में अनानास फल पाए गए। जब अनानास हटाकर जांच की गई, तो उनके नीचे प्लास्टिक की बोरियों में छिपाकर गांजा रखा गया था। सभी बोरियों को तौलने पर कुल 5 क्विंटल गांजा बरामद हुआ।
