अनपढ़ युवक ने आवास के लिए फॉर्म भरने कहा तो दोस्त ने सीएम से लड़की ढूंढकर शादी कराने की बात लिख दी।

धमतरी/ नगरी – जिले में सुशासन तिहार के दौरान एक अनोखा मामला मामला सामने आया है। नगरी ब्लॉक के अमाली गांव निवासी राजमन ध्रुव का एक आवेदन सोशल मीडिया में वायरल हो गया है। यह आवेदन मुख्यमंत्री के नाम लिखा गया है। इसमें राजमन ने शादी के लिए लड़की दिलाने की मांग की है। पत्र में लिखा है- ‘मैं राजमन कुमार ध्रुव पिछले 10 साल से लड़की ढूंढ रहा हूं, लेकिन नहीं मिल रही। कृपया मुझे लड़की दिलाने की कृपा करें। मेरे माता-पिता नहीं हैं। अकेले रहने में तकलीफ हो रही है।

यह पत्र महिला एवं बाल विकास विभाग को संबोधित है। इसमें अमाली गांव का पता और मोबाइल नंबर 78286-28103 दर्ज है। पत्र में राजमन का हस्ताक्षर भी है। गुरुवार को यह पत्र सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हुआ। मामला सामने आने के बाद प्रशासन भी सकते में आ गया।

राजमन बोला- जज्बातों से खिलवाड़ किया

जाँच पड़ताल में सामने आया कि राजमन अनपढ़ है। वह 3 भाइयों में सबसे छोटा है। माता-पिता का निधन हो चुका है। बड़ा भाई शादीशुदा है। राजमन ने बताया कि उसने सुशासन तिहार के तहत पीएम आवास योजना के लिए आवेदन भरवाने एक दोस्त को फार्म दिया था, लेकिन दोस्त ने उसकी जानकारी के बिना शादी के लिए लड़की दिलाने वाला आवेदन लिख दिया। फार्म निर्देश पर 8 से 11 अप्रैल तक सुशासन तिहार मनाया जा रहा है। जिले की 370 पंचायतों और सरकारी विभागों में समाधान पेटियां रखी गई हैं। इनमें पानी, बिजली, सफाई, सड़क सहित 53 तरह की समस्याओं पर आवेदन लिए जा रहे हैं। धमतरी शहर के 40 वाडों से अब तक 1 हजार 137 आवेदन मिले हैं। जिलेभर में 48 हजार से ज्यादा आवेदन डाले जा चुके हैं। वायरल होने के बाद राजमन नाराज है। उसने कहा कि उसके जज्बातों से खिलवाड़ किया गया है। जिस मोबाइल नंबर का जिक्र पत्र में है, वह अमाली के रोहित साहू का है। रोहित ने बताया कि राजमन उसी के पास बैठा था। वायरल पत्र को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चा है। प्रशासन भी इस मामले को गंभीरता से ले रहा है। जल्द ही मजाक करने वालों पर कार्रवाई हो सकती है।