टोकन सिस्टम से मिलेगा खाद, बीजापुर में 7 जुलाई से शुरू हुई नई व्यवस्था

बीजापुर – किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के उद्देश्य से भारत सरकार के उर्वरक एवं रसायन मंत्रालय द्वारा फेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल (एफएफएस) के तहत बीजापुर जिले में नई डिजिटल खाद वितरण प्रणाली लागू की गई है। पायलट जिले के रूप में चयनित बीजापुर में यह व्यवस्था 7 जुलाई 2026 से शुरू हो गई है।नई व्यवस्था के तहत किसान अब अपने मोबाइल के माध्यम से निकटतम उर्वरक विक्रय केंद्र से आवश्यकतानुसार खाद की बुकिंग कर सकेंगे। बुकिंग के बाद किसानों को एक टोकन (क्यूआर कोड) जारी किया जाएगा, जिसके आधार पर निर्धारित समय में खाद प्राप्त किया जा सकेगा। यह टोकन तीन दिनों तक मान्य रहेगा। निर्धारित अवधि में खाद नहीं लेने पर टोकन स्वतः निरस्त हो जाएगा।इस नई प्रणाली को दो चरणों में लागू किया गया है। पहले चरण में किसान गूगल प्ले स्टोर से फेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल एप डाउनलोड कर भूमि एवं फसल संबंधी जानकारी दर्ज करेंगे और निकटतम विक्रय केंद्र का चयन कर टोकन प्राप्त करेंगे। दूसरे चरण में विक्रय केंद्र पर पीओएस मशीन में टोकन स्कैन कर बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद किसानों को निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि इस डिजिटल व्यवस्था से किसानों को समय पर खाद उपलब्ध होगी, वितरण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी तथा उर्वरकों की कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लग सकेगी। यदि किसानों को एप संचालन में किसी प्रकार की समस्या आती है तो वे अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, लैम्प्स अथवा वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।