प्रभु श्री रामचन्द्रजी के समान दूसरा कोई चरित्र नहीं हैं – द्रोणसिंह ठाकुर ।

दक्षिण मुखी संकट मोचन सुंदरकांड मंदिर समिति द्वारा रामनवमी पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

नवापारा राजिम – दक्षिणमुखी संकटमोचन सुंदरकांड मंदिर समिति सरकारी हॉस्पिटल के सामने रामनवमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ।इस अवसर पर लोकमंगल एवं जनकल्याण से अनुप्रमाणित भारतीय संस्कृति के गौरवमयी जीवन दर्शन की अनुपम कृति श्री रामचरित मानस का अखंड पाठ किया गया। विधि _विधान पूर्वक मंत्रोच्चार के साथ हवन_ पूजन एवं आरती के पश्चात नव कन्या भोज ,भोजन भंडारे में प्रसादी एक साथ ही सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी गई।द्रोण सिंह ठाकुर ने अपने उद्बोधन में कहा कि _श्रीराम विष्णु के अवतार हैं, वे आदि पुरुष हैं, जो मानव मात्र की भलाई के लिए मानवीय रूप में इस धरा पर अवतरित हुए। मानव अस्तित्व की कठिनाइयों तथा कष्टों का उन्होंने स्वयं वरण किया ताकि सामाजिक व नैतिक मूल्यों का संरक्षण किया जा सके तथा दुष्टों को दंड दिया जा सके। रामावतार भगवान विष्णु के सर्वाधिक महत्वपूर्ण अवतारों में सर्वोपरि है।गोस्वामी तुलसीदास के अनुसार श्रीराम नाम के दो अक्षरों में ‘रा’ तथा ‘म’ ताली की आवाज की तरह हैं, जो संदेह के पंछियों को हमसे दूर ले जाती हैं। ये हमें देवत्व शक्ति के प्रति विश्वास से ओत-प्रोत करते है।संपूर्ण भारतीय समाज के लिए समान आदर्श के रूप में भगवान रामचन्द्र को उत्तर से लेकर दक्षिण तक सब लोगों ने स्वीकार किया है। हिन्दी में तुलसी दास जी की रामायण सर्वत्र प्रसिद्ध है ।मनुष्य के जीवन में आने वाले सभी संबंधों को पूर्ण तथा उत्तम रूप से निभाने की शिक्षा देने वाले प्रभु श्री रामचन्द्रजी के समान दूसरा कोई चरित्र नहीं हैं।राम रीति, नीति, तथा प्रीति सभी जानते हैं। राम परिपूर्ण हैं, आदर्श हैं। राम ने नियम, त्याग का एक आदर्श स्थापित किया है। कार्यकम को सफल बनाने में समिति के सदस्य अनिल दुबे,शालू इशानी, शेखर देवांगन राकेश देवांगन ,कुलेश्वर राजू साहू, कन्हैया कंसारी, संतु साहू ,टीकम साहू, विक्रांत राव संजू पटेल, किशन साहू, गुलशन साहू, सुरेश पुष्पेंद्र ,मनोज कंसारी, भूषण ,कीर्तन किशोर साहू, ममता शर्मा प्राची सिंह ,वेणु ,लेखनी, डाली, कीर्ति यादव शिव शक्ति महिला समिति का महत्वपूर्ण योगदान रहा। नगर पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी साहू ,पार्षद सहदेव कंसारी के साथ ही बड़ी संख्या में भक्त जन इस धार्मिक आयोजन में शामिल हुए।