पखांजूर–बिप्लब कुण्डू–27.4.21/ प्रदेश महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष श्रीमती कांति देवी नाग जी आज अंतागढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचकर कोरोना वैक्सीन की द्वितीय डोज का टीका लगवाया । टीका लगाने के बाद श्रीमती कांति देवी नाग जी थोड़ी देर तक चिकित्सकों की निगरानी में रही ।
श्रीमती नाग जी ने इस मौके पर राज्य के 45 वर्ष अधिक उम्र के लोगों से कोरोना से बचाव के लिए अनिवार्य रूप से टीका लगवाने की अपील की ।
उन्होंने कहा कि जैसा कि आप सभी लोगों को मालूम है कि आगामी 1 मई से कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार द्वारा 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को कोरोना का निशुल्क टीका लगाए जाने के अभियान की शुरुआत की जा रही है, ऐसी स्थिति में 1 मई से कोरोना टीकाकरण केंद्रों में लोगों की भीड़ बढ़ जाएगी और टीका लगाने के लिए इंतजार करना होगा । इससे बचने के लिए जरूरी है, कि 45 वर्ष से अधिक उम्र के ऐसे लोग, जो अभी तक टीका नहीं लगवाए हैं, वह तत्काल अपने आसपास के वैक्सीनेशन सेंटर पहुंच कर टीका लगवा लें।
उन्होंने कहा कि कोरोना टीका को लेकर किसी भी तरह का संशय मन में न पाले । सुनी- सुनाई बातों और अफवाहों पर ध्यान न दें। कोरोना संक्रमण और बीमारी की गंभीर स्थिति से बचने के लिए टीका लगाना जरूरी है ।
