गरियाबंद – कलेक्टर दीपक अग्रवाल के निर्देशानुसार और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ गार्गी यदु पाल के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन और जिला चिकित्सालय गरियाबंद द्वारा आम जनता के हित में एक नई सेवा की शुरुआत की गई है। जिला चिकित्सालय गरियाबंद में संचालित स्पर्श क्लिनिक के माध्यम से टेली मानस के नाम से मानसिक स्वास्थ्य सुधार संबंधी सेवाएं शुरू की गई है। यह टेली मेंटल हेल्थ असिस्टेंस और नेटवर्किंग अक्रॉस स्टेट्स देश भर में प्रदान करने के लिए सातों दिन चौबीसो घंटे टेलीफोनिक परामर्श सेवा है। मानसिक स्वास्थ्य से पीड़ित कोई भी व्यक्ति टोल फ्री नंबर 14416, 18008914416 में डॉयल कर मनोचिकित्सक, मनोवैज्ञानिक एवं काउंसलर से बात कर उचित परामर्श प्राप्त कर सकते हैं। टेली मानस सेवा में 23 टेली मेंटल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का नेटवर्क शामिल है। टेली मानस सेल के माध्यम से सहायता और निःशुल्क मानसिक स्वास्थ्य परामर्श मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों के द्वारा दी जा रही है। इससे ई-संजीवनी, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर्स और आपातकालीन मनोरोग सुविधाओं को भी जोड़ा गया है।
सीएमएचओ ने बताया कि कभी-कभी व्यक्ति किसी व्यक्तिगत या अन्य कारण से अत्यधिक तनाव में आ जाता है और स्वयं को अथवा दूसरे को हानि पहुंचाने की कोशिश करता है, परीक्षा में, प्रेम में असफल होने पर आत्मघाती कदम उठाने को आतुर हो जाता है, या नशे का आदी होकर परिवार से लड़ता है, अपने स्वास्थ्य के साथ-साथ धन का भी नुकसान करता है, इन परिस्थितियों में व्यक्ति की मानसिक स्थिति अत्यंत खराब हो जाती है, जिसे सही समय पर उचित परामर्श की आवश्यकता होती है। ऐसी स्थिति में व्यक्ति टोल फ्री नंबर 14416, 18008914416 में डॉयल कर मनोचिकित्सक, मनोवैज्ञानिक एवं काउंसलर से बात कर उचित परामर्श प्राप्त कर सकते हैं। यह परामर्श भारत में बोली जाने वाली 21 भाषाओं में संवाद कर प्राप्त की जा सकती है, जिसमें परामर्श लेने वाले की जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जायेगी । हताशा और निराशा के अंधकार में डूबे लोगों के लिए यह नई आशा की किरण के समान है। जो लोगों को किसी भी मानसिक अवसाद से निकालने में उचित परामर्श प्रदाय करेंगे। जिन लोगों को नशापान, शराब और जुए की आदत छोड़ने की इच्छा हो तो वे भी टेली मानस सेवा को फोन लगाकर निःशुल्क परामर्श ले सकते हैं। दिन हो या रात किसी भी समय टोल फ्री नंबर पर ये परामर्श सेवा उपलब्ध रहेगा। इसके साथ ही गरियाबंद के जिला चिकित्सालय के रूम नंबर 19-ए में स्पर्श क्लिनिक संचालित है जिसमें अस्पताल समय में जाकर भी इस परामर्श सुविधा का लाभ ले सकते है। आम जनता से अपील है कि सभी मानसिक तनाव से गुजर रहे लोगों को इस निःशुल्क परामर्श सेवा का लाभ उठाने हेतु जरूर प्रेरित करें।
जिले में टेली मानस सेवा का हुआ शुभारंभ।
मानसिक स्वास्थ्य सुधार संबंधी सेवाओं के लिए चौबीसों घंटे सक्रिय हेल्पलाईन नम्बर जारी।
टोल फ्री नंबर 14416 एवं 18008914416 में संपर्क कर मनोचिकित्सक से ले सकते है परामर्श।
