राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत।
धमतरी – धमतरी जिले के नगर पंचायत मगरलोड की 12 सदस्यीय प्रतिज्ञा जय मां तुलसी महिला स्व-सहायता समूह ने अपनी मेहनत और लगन से मिसाल कायम की है। समूह की महिलाओं ने कुछ नया और अलग करने का निश्चय कर सौंदर्य उत्पाद, विशेष रूप से फेस पैक बनाने का कार्य शुरू किया। उनकी गुणवत्ता और मेहनत ने उन्हें राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन योजना अंतर्गत बैंक लिंकेज के माध्यम से नई पहचान दिलाई। प्रतिज्ञा जय मां तुलसी महिला स्व-सहायता समूह ने अपने व्यवसाय को बढ़ाने हेतु कच्चे माल की खरीदी के लिए बैंक लिंकेज के तहत तीन लाख रूपये का ऋण प्राप्त किया। उन्होंने इस धनराशि से उच्च गुणवत्ता वाले प्राकृतिक सामग्री जैसे मुल्तानी मिट्टी, चंदन पाउडर, गुलाब पाउडर और हल्दी पाउडर की खरीदी की। अपने उत्पादों की मार्केटिंग और ब्रांडिंग के लिए भी एक छोटा बजट निर्धारित किया। महिलाओं ने प्राकृतिक और हर्बल फेस पैक बनाना शुरू किया, जो स्थानीय बाजार में काफी लोकप्रिय हो रहा है। उन्होंने अपने उत्पाद को ब्यूटी पार्लरों और खुदरा दुकानों तक पहुंचाने का नेटवर्क बनाया । उनके बनाए गए फेस पैक प्राकृतिक, हर्बल और किफायती हैं, जिससे बाजार में उनकी मांग बढ़ रही है। अब उनके उत्पाद स्थानीय ब्रांड के रूप में प्रसिद्ध हो रहा हैं। इस सफलता ने गांव की अन्य महिलाओं को भी स्व-सहायता समूह बनाने और स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया। समूह की महिलाओं ने गांव की अन्य महिलाओं को आत्मनिर्भरता की राह पर चलने मार्गदर्शन भी दे रहीं हैं। समूह की महिलाएं कहतीं हैं कि स्व-सहायता समूह के जरिए हमारी ताकत बढ़ी है, राष्ट्रीय शहरी आजीविकि मिशन योजना अंतर्गत बैंक लिंकेज ने हमें अपने व्यवसाय को नई ऊंचाई तक ले जाने का अवसर दिया। हर महिला को अपने सपनों को पूरा करने का प्रयास करना चाहिए। प्रतिज्ञा जय मां तुलसी महिला स्व-सहायता समूह की यह राष्ट्रीय शहरी आजीविकि मिशन योजना अंतर्गत बैंक लिंकेज की उपयोगिता को साबित करती है। इस योजना ने महिलाओं को न केवल आर्थिक रूप से सशक्त बनाया, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और समाज में एक नई पहचान दी।
