लाॅकडाउन का उल्लंघन कर होटल संचालन करने पर जायसवाल होटल के विरूद्ध हुई चालानी कार्यवाही दो होटलों से 12 हजार रूपये का अर्थदण्ड वसूली…

प्रकाश सोनी बिजापुर ब्यूरो रिपोर्टर

बीजापुर 26 अप्रैल 2021ः- लाॅकडाउन के दौरान जिला मुख्यालय बीजापुर में लाॅकडाउन के नियमों का उल्लंघन कर होटल संचालन करने के कारण जायसवाल होटल एवं लाॅज तथा उक्त होटल के समीप में संचालित एक अन्य होटल के विरूद्ध चालानी कार्यवाही की गयी। इस दिशा में जायसवाल होटल से 10 हजार रूपए तथा समीपस्थ स्थित अन्य होटल से दो हजार रूपए अर्थदण्ड वसूला गया। इस बारे में सीएमओ श्री पवन मेरिया ने बताया कि लाॅकडाउन का उल्लंघन कर होटल संचालन करने की शिकायत मिलने पर तहसीलदार बीजापुर श्री टीपी साहू, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री एहसान तिग्गा, नगर निरीक्षक श्री शशिकांत भारद्वाज सहित पुलिस बल एवं नगर पालिका के अमले के द्वारा संयुक्त रूप से जायसवाल होटल एवं लाॅज मेन रोड बीजापुर का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उक्त होटल में 4 व्यक्तियों को इन-हाउस डायनिंग सेवा के जरिये नास्ता परोसा जा रहा था। इसके साथ ही समीपस्थ संचालित एक अन्य छोटे होटल में भी नास्ता परोसे जाते पाया गया। उक्त दोनों होटलों को लाॅकडाउन के नियमों तथा आपदा प्रबंधन अधिनियम का उल्लंघन करने के कारण कार्यवाही करते हुए अर्थदण्ड वसूलने सहित ऐसी पुनरावृत्ति नहीं करने की चेतावनी दी गयी।

वहीं भविष्य में दोबारा नियमों का उल्लंघन करते पाये जाने पर फार्म का पंजीयन निरस्त कर प्रतिष्ठान को सील करने की चेतावनी दी गयी। सीएमओ श्री मेरिया ने बताया कि नगर में लाॅकडाउन के नियमों का परिपालन कराये जाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही लोगों को कोविड संक्रमण से बचाव करने के लिए सर्तकता बरतने की समझाईश दी जा रही है।