जिला जनसम्पर्क कार्यालय बीजापुर (छ0ग0)
बीजापुर 26 अप्रैल 2021ः- कोविड संक्रमण के प्रकरणों में लगातार वृद्धि के मद्देनजर जिले में 5 मई की सुबह 6 बजे तक कंटेनमेंट जोन की अवधि को बढ़ायी गयी है। इस दौरान सभी लोग लाॅकडाउन का पालन करने के लिए सक्रिय रूप से सहभागिता निभायें। कोविड टीकाकरण करवाने सहित कोविड संक्रमण से बचाव के लिए लोगों को समझाईश देवें। क्षेत्र के जनप्रतिनिधी और समाज प्रमुख अपने क्षेत्र के गांवों में लोगों को इस दिशा में जागरूक करें। कोविड के लक्षण दिखायी देने पर लोगों को जांच करवाने के लिए समझाईश दें, जिससे संक्रमितों का उपचार सहित संपर्क में आये लोगों का कांटेक्ट ट्रेसिंग कर जांच के साथ ही उन्हे भी उपचार सुलभ कराया जा सके। इन सभी प्रयासों से ही कोविड संक्रमण के चैन को तोड़ने और कोविड को समाप्त करने में सफल होंगे। यह बात कलेक्टर श्री रितेश कुमार अग्रवाल ने जिला पंचायत सभाकक्ष में जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की बैठक में लाॅकडाउन का पालन करने हेतु सभी को सहभागिता निभाने की अपील करते हुए कहा।
कलेक्टर श्री रितेश कुमार अग्रवाल ने जिले में लाॅकडाउन के दौरान आम जनता को आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता हेतु सम्बन्धित क्षेत्र के चिन्हीत किराना, फल-सब्जी सहित दूध आदि दुकानदारों के जरिये होम डिलीवरी सुनिश्चित कराये जाने अधिकारियों को कहा। उन्होने इस दिशा में संबंधित दुकानदारों के मोबाईल नम्बर या पोर्टल का प्रचार-प्रसार कर लोगों को अवगत कराये जाने के निर्देश दिये। वहीं गरीब, असहाय लोगों के भोजन व्यवस्था हेतु नगरीय निकायों को स्थानीय स्तर पर समुचित पहल करने कहा। इस हेतु समाजसेवी संस्थाओं तथा दानदाताओं का भी सहयोग लिये जाने कहा।
कलेक्टर श्री अग्रवाल ने जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से कंटेनमेंट जोन में नियमों के पालन हेतु आम लोगों को समझाईश देने कहा। वहीं होम आइसोलेशन मेें उपचारार्थ रहने वाले लोगों से मोबाईल के द्वारा संपर्क कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेकर उनका मनोबल बढ़ाने कहा। इसके साथ ही उन्हे दवाई एवं आवश्यक सामग्री की सुलभता के लिए भी सहयोग किये जाने कहा। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने जिले के बाहर से आने वाले हरेक व्यक्ति की कोविड जांच सहित उन्हे क्वारन टाईन करने हेतु सहयोग देने जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से कहा। वहीं बीते एक माह के दौरान बाहर से आये लोगों को कोविड जांच करवाने प्रोत्साहित कर उन्हे स्वयं के साथ परिवार को सुरक्षित रखे जाने समझाईश देने का आग्रह किया। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने पंचायत पदाधिकारियों और समाज प्रमुख, गांव के मुखिया के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में चेक पोस्ट के जरिये गांव में आने वाले लोगों की निगरानी करने सहित उनका कोविड जांच कराये जाने और क्वारन टाईन में रखे जाने पर बल दिया।
बैठक के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्री शंकर कुड़ियम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कमलेश कारम, नगरपालिका परिषद बीजापुर के अध्यक्ष श्री बेनहूर रावतिया, वरिष्ठ नागरिक श्री लालू राठौर, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती नीना रावतिया उद्दे तथा अन्य नागरिकों ने अपने सुझाव दिये। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री रवि कुमार साहू, डिप्टी कलेक्टर श्री हेमेन्द्र भूआर्य सहित अन्य अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
