सम्मान दिवस में उत्कृष्ट कार्य के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं व सहायिकाएं सम्मानित।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं बच्चों का मां की तरह देखरेख करती है- श्रीमती उषा पटेल।

प्रमोद दुबे 

महासमुंद – राज्य शासन के निर्देशानुसार परियोजना क्षेत्र के बच्चों, गर्भवती, शिशुवती माताओं को समेकित बाल विकास सेवा योजना अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने में अनुकरणीय प्रदर्शन करने वाली प्रत्येक परियोजना से एक-एक उत्कृष्ट ऑगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका को सम्मानित करने आज बाल दिवस के अवसर पर “सम्मान दिवस“ के रूप में मनाया गया। सम्मान दिवस का आयोजन आज स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम विद्यालय के सभागार में किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उषा पटेल ने इस अवसर पर सभी सम्मानित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं व सहायिकाओं को बधाई देते हुए कहा कि फील्ड में ये 24 घंटे समर्पित भाव से कार्य करती है। बच्चों की शिक्षा से लेकर उनके लालन-पालन तक की जवाबदारी उनके उपर होती है। वास्तव में वे बच्चों को मां की तरह देखरेख करती हैं। कोरोना काल के दौरान उन्होंने असाधारण कार्य किए हैं। उन्होंने सभी पुरस्कृत कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विशिष्ट अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती राशि महिलांग ने कहा कि वास्तव में महिला बाल विकास विभाग की कार्यकर्ता और सहायिका विभाग की धुरी है। इनके ममत्व और संवेदनशीलता से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। ये कुपोषण को मिटाने के लिए योद्धा की तरह काम करती है। किसी भी परिस्थिति में काम करने के लिए तैयार रहती है। वास्तव में सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका सम्मान की हकदार है। कार्यक्रम को पार्षद श्री देवीचंद राठी एवं श्री महेन्द्र जैन ने संबोधित करते हुए बधाई और शुभकामनाएं दी।