कहा : आतंकी सिर्फ़ इंसानियत के दुश्मन, सख़्ती से निपटे सरकार और सुरक्षा एजेंसी ।
कैथल, (कृष्ण प्रजापति): गत दिवस जम्मू में तीर्थयात्रियों की बस पर हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए जमियत उलेमा ए हिन्द के जिला प्रधान मौलाना मोहम्मद सईदुर रहमान ने कहा कि खून बहाने वाले व्यक्ति इंसानियत व क़ौम के दुश्मन हैं। इस्लाम और किसी भी धर्म में दहस्तगर्दी की कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि इस हमले में अपनी जान गंवाने वाले लोगों के परिवार के साथ हम साथ खड़े हैं और घायलों के जल्द सेहत के लिए दुआ करते हैं।मौलाना ने कहा कि आतंकी सिर्फ़ इंसानियत के दुश्मन है और उनका किसी मज़हब, ज़ाति से कोई लेना देना नहीं हैं। सरकार और सुरक्षा एजेंसियों को इनसे सख़्ती से निपटना चाहिए। मौलाना ने कहा कि कश्मीर की खूबसूरत वादी को फिर से जहन्नुम बनाने का यह घिनौना प्रयास है, हम इसकी घोर निंदा करते हैं, इस घिनौनी साज़िश का पर्दाफ़ाश होना चाहिए और दोषियों को सख़्त से सख़्त सज़ा मिलनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने कश्मीर के युवाओं से अपील करते हुए कहा कि आतंक आपको बर्बाद करने का खेल है, इससे कभी कामयाबी हासिल नहीं की जा सकती, लिहाज़ा आतंक के पुजारियों की हर साज़िश को नाकाम किया जाना चाहिए और किसी भी क़ीमत पर किसी के बहकावे में नहीं आना है। मोहम्मद सईदुर रहमान ने कहा कि इस हमले के ज़रिये मुल्क भर का माहौल ख़राब करने की साज़िश रची गई है, पर हिंदुस्तान का नागरिक अब जागरूक है, किसी के बहकावे में नहीं आएगा। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है, हम सबको एकजुट होकर आतंक व आतंकवादियों के ख़िलाफ़ लड़ना होगा।
