हाथियों के दल का आतंक, चार मवेशियों को उतार दिया मौत के घाट।


सुरेन्द्र मिनोचा
सरगुजा :- जिले में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नही ले रहा है। रोजाना कहीं न कहीं जंगली हाथियों के द्वारा उत्पात मचाये जाने की खबर निकलकर सामने आ रही है। इसी क्रम में बीती रात उदयपुर रेंज में जंगली हाथियों ने चार मवेशियो को मौत के घाट उतार दिया है। बता दें कि उदयपुर रेंज के महेशपुर के उरांवपारा में बीती रात जंगली हाथियों के दल ने धावा बोलते हुए किसानों की फसलों को जमकर नुकसान पहुंचाया और उनके 4 मवेशियो को भी मौत के घाट उतार दिया है। इस घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल निर्मित हो गया है। गांव के ग्रामीणों का कहना है कि जंगली हाथियों के द्वारा लगातार उनके क्षेत्र में उत्पात मचाया जा रहा है। वन विभाग के सारे दावे खोखले साबित हो रहे हैं। विभाग जंगली हाथियों केे आतंक से निजात दिला पाने में अब तक नाकामयाब ही साबित हुआ है। गांव के ग्रामीणों ने यह भी बताया कि उनके क्षेत्र में अभी वर्तमान में 27 जंगली हाथियों का दल विचरण कर रहा है। जंगली हाथियों का आतंक इस कदर है कि गांव के कई ग्रामीण रातजगा करने पर विवश हो चुके हैं। वन विभाग के अलावा हाथी मित्र दल जंगली हाथियों पर निगरानी रखे हुए है। साथ ही साथ गांव-गांव में मुनादी कराते हुए गांव के लोगों को सचेत किया जा रहा है।