27 जुलाई को आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा।

राजिम :- मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला गरियाबंद डॉ केसी ऊंराव के निर्देशन में आयुष्मान कार्ड बनाने, राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस, सघन मिशन, इंद्रधनुष और यू वीन पोर्टल एंट्री हेतु 20 जुलाई को विकासखंड फिंगेश्वर के समस्त सेक्टर पर्यवेक्षकों, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजकों, प सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को प्रशिक्षण दे दिया गया है। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ एस एल हूमने ने बताया कि विकासखंड के समस्त ग्रामों में 27 जुलाई को आयुष्मान कार्ड पंजीयन महा अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इस दिन बी एल ई एवं आर एच ओ, सीएचओ के माध्यम से सभी ग्रामों में छूटे हुए व्यक्तियों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर एसएन हूमने ने सभी नागरिकों से अपील किया है कि जिनका आयुष्मान कार्ड नहीं बना है वह 27 जुलाई को अपने ग्राम में आयोजित शिविर में जाकर कार्ड बनवा लेवे।

               राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस

विकासखंड एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में 10 अगस्त राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन किया जा रहा है इस दिन 1 से लेकर 19 वर्ष के 67000 बच्चों को टेबलेट एल्बेंडाजोल का सेवन कराया जाएगा जिसमें 1 से 2 वर्ष के बच्चों को आधी गोली 200mg एवं 2 से 19 वर्ष तक के बच्चों को एक गोली 400 एमजी टेबलेट का सेवन कराया जाएगा। 1 से 5 वर्ष तक के पंजीकृत एवं शाला त्यागी बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के माध्यम से एवं 5 से 19 वर्ष तक के बच्चों को स्कूलों में शिक्षक के माध्यम से दवाई का सेवन कराया जाएगा। टेबलेट एल्बेंडाजोल का सेवन बच्चों में होने वाले क्रीमी एवं एनीमिया को दूर करता है इसका सेवन बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास में सहायक होता है। 10 अगस्त को जो बच्चे टेबलेट एल्बेंडाजोल के सेवन से छूट जाएगा उन्हें 17 अगस्त को सेवन कराया जाएगा। सभी नागरिकों से अपील किया गया है कि अपने बच्चों को नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र एवं स्कूलों में ले जाकर सहयोग करें ताकि हमारे देश को कृमि से मुक्त किया जा सकें।

                 सघन मिशन इंद्रधनुष

विकासखंड फिंगेश्वर की सघन मिशन इंद्रधनुष 3 चरणों में पूर्ण किया जाएगा। प्रथम चरण 7 से 12 अगस्त 2023, द्वितीय चरण 11 से 16 सितंबर, तृतीय चरण 9 से 14 अक्टूबर को आयोजित होगा। सघन मिशन इंद्रधनुष 5.0 में 0 से लेकर 5 वर्ष तक के बच्चों एवं गर्भवती माताएं जो किसी कारणवश टीकाकरण से वंचित है उन्हें मितानिन के माध्यम से घर-घर सर्वे कर चिन्हित कर ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजकों के माध्यम से टीकाकरण किया जाएगा। टीकाकरण बच्चों में होने वाले जानलेवा बीमारियों से बचाता है अपने टीकाकरण में छूटे हुए बच्चों को नजदीकी उप स्वास्थ्य केंद्र में ले जाकर शत-प्रतिशत टीकाकरण करावे और अपने बच्चों को जानलेवा बीमारियों से बचावे। इस अवसर पर डीपीएम सोनल ध्रुव, जिला सलाहकार आयुष्मान भारत योजना देवेश मिश्रा, बीईटीओ योगेश पराना, उत्तम साहू, विनीता शर्मा, सहायक ग्रेड 3 एवं समस्त अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।