
सुरेन्द्र मिनोचा:
कोरिया। सूदखोरी और लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उपरोक्त संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी धीनलाल खाखा शासकीय प्रा. शा. खाडीपारा कटकोना में सहायक शिक्षक के पद पर पदस्थ है। जिससे कटकोना निवासी रामकुमार साहू द्वारा छल कपट बेईमानी से कूट रचित करते हुए मूल्यवान प्रतिभूति दस्तावेज तैयार कर प्रार्थी के वेतन प्राप्त ग्रामीण बैंक शाखा बैकुण्ठपुर से लोन 5,00,000 रूपये लिया था, जिसमें से 1,30,000 रूपये को अपने हित के खाते में ट्रांसफर RTGS फार्म के जरिये करा लिया। जिसके लिखित आवेदन पर रामकुमार साहू के विरुद्ध धारा 467, 468, 420 भा.द.वि. का अपराध पंजीबद्ध कर विवना कार्यवाही में लिया गया।
वहीं एक अन्य मामले में प्रार्थी जगतपाल कोरी एस.ई.सी.एल. कटकोना कॉलरी मजदूरी कैटेगरी में काम करता है। जो शारीरिक रूप से कमजोर है और महिने भर नौकरी नहीं कर पाता है, उसके आश्रित तीन और सदस्य हैं, जिस कारण उसे रूपये की आवश्यकता होने से कटकोना निवासी रामकुमार साहू से 3000 रूपये उधार लिया था। रामकुमार साहू ने प्रार्थी की कमजोरी का फायदा उठाकर 20 लाख रूपये लोन दिलाने के नाम पर प्रार्थी का मूल आधार कार्ड, पेन कार्ड, पासबुक, 06 माह का वेतन स्लिप एवं मोबाईल का सिम ले लिया, जिस कारण वह अपना वेतन नहीं निकाल पा रहा था, जब प्रार्थी ने रामकुमार साहू से अपने मूल दस्तावेज की मांग की तो रामकुमार साहू 3000 रूपये उधार लिये पैसे के एवज में 30000 रूपये की मांग करने लगा तथा धनराशि नहीं देने पर मूल दस्तावेज नहीं देने का बोलकर अश्लील गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी देने लगा। जिसके लिखित आवेदन पर रामकुमार साहू के विरूद्ध धारा 384, 294, 506, 323 भा.द.वि. एवं 4 कर्जा एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना कार्यवाही में लिया जाकर दोनो प्रकरण के आरोपी रामकुमार साहू पिता रामाधार साहू निवासी कटकोना को दिनांक 09.04.2023 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी उ.नि. अनिल साहू के नेतृत्व में सउनि रघुनाथ राम भगत, प्र.आर. सत्येन्द्र तिवारी,आरक्षक रूपनारायण सिंह, आरक्षक नंद कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसपी कोरिया त्रिलोक बंसल ने आमजनो से अपील करते हुये कहा कि ऐसे किसी भी प्रकार के प्रकरण में यदि किसी को समस्या हो या वो पीड़ित हों तो निर्भीकता के साथ तत्काल इसकी शिकायत नजदीकी पुलिस थाना में देने का कष्ट करें, जिस पर कोरिया पुलिस द्वारा त्वरित वैधानिक कार्यवाही की जावेगी।
