बालोद /हाशिम कुरैशी
बालोद:- आदिवासी विकास विभाग द्वारा संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में शिक्षा सत्र 2023-24 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु 29 मार्च 2023 तक आॅनलाइन आवेदन आमंत्रित की गई है। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास ने बताया कि प्रयास आवासीय विद्यालय में प्रवेश हेतु इच्छुक जिले के आदिवासी उपयोजना क्षेत्र की शालाओं में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं 29 मार्च 2023 को रात्रि 12 बजे तक अपना आॅनलाइन आवेदन प्रस्तुत कर सकते है। प्रयास आवासीय विद्यालय में प्रवेश हेतु प्राक्चयन परीक्षा रविवार 30 अपै्रल को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित किया गया है।
शासकीय अवकाश के दिनों में भी खुले रहेंगे
पंजीयन कार्यालय –महानिरीक्षक पंजीयन एवं अधीक्षक मुद्रांक छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार कलेक्टर कुलदीप शर्मा द्वारा वाणिज्यिक कर पंजीयन विभाग के अधीनस्थ कार्यालयों में 31 मार्च तक शासकीय अवकाश के दिनों में भी पंजीयन कार्य जारी रखने के निर्देश जारी किया गया है। उल्लेखनीय है कि वाणिज्यिक कर पंजीयन विभाग के अधिनस्थ पंजीयन कार्यालयों के माध्यम से दस्तावेज का पंजीयन भारतीय स्टाम्प अधिनियम एवं पंजीयन अधिनियम के प्रावधानों के तहत करते हुए स्टाम्प एवं पंजीयक शुल्क के रूप में राज्य के शासकीय राजस्व अर्जन करने वाला महत्वपूर्ण विभाग है। वित्तीय वर्ष 2022-23 के अंतिम माह पूर्ण होने में कुछ ही दिन शेष है। जिसमें शासकीय अवकाश क्रमशः दिनांक 23 मार्च गुरूवार (चेट्रीचंड्र महोत्सव), 25 मार्च शनिवार, 26 मार्च रविवार एवं 30 मार्च गुरूवार (रामनवमी) कुल चार दिवस शामिल है। शासकीय अवकाश दिवस में पंजीयन कार्यालय बंद रहने से दस्तावेजों का पंजीयन कार्य प्रभावित होगा। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने जनसुविधा एवं शासकीय राजस्व संग्रहण को ध्यान में रखते हुए उक्त अवकाश के दिवसों में भी पंजीयन कार्यालय चालू रखने तथा नियमित रूप से पंजीयन कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति वर्ष 2022-23 अंतर्गत छात्रों के बैंक खाता को आधार कार्ड से सीडिंग कराना अनिवार्य -अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक आनॅलाईन छात्रवृत्ति राशि भुगतान करने हेतु बैंक खाता का आधार कार्ड से सीडिंग किया जाना अनिवार्य है। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग ने पोस्ट मैट्रिक आनॅलाईन छात्रवृत्ति (महाविद्यालयीन स्तर) हेतु पात्र अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के ऐसे छात्र-छात्राएं जिनका बैंक खाता आधार कार्ड से सीडिंग नहीं है, उन्हें संबंधित बैंक शाखा से संपर्क कर बैंक खाता को आधार कार्ड से तत्काल सीडिंग कराने के निर्देश दिए है।
समाधान तुंहर दुआर शिविर में प्राप्त आवेदनों का पात्रतानुसार किया गया मौके पर निराकरण-जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित समाधान तुंहर दुआर शिविर ग्रामीणों के लिए सौगातों भरा रहा। शिविर में उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के समक्ष ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत किए गए आवेदन पत्रों का परीक्षण कर मौके पर अनेक समस्याओं का निराकरण किया गया। इसके अंतर्गत बालोद विकासखण्ड के ग्राम पंचायत मुल्लेगुड़ा, बरही, नर्रा, गुरूर विकासखण्ड के ग्राम पंचायत ठेकवाडीह, सोनईडोंगरी, टेंगनाबरपारा तथा मार्रीबंगला तहसील के ग्राम पंचायत पापरा, कसहीकला, भालूकोन्हा में आयोजित शिविर में अपने मांगों एवं समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों के आवेदन प्राप्त हुए। इस दौरान संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर पात्रतानुसार मौके पर ही हितग्राहियों का नया राशन कार्ड बनाने के साथ ही राशन कार्ड में नाम जोड़ा गया। इसके अलावा बी-1 नकल, बीज मिनीकिट, किसान पुस्तिका आदि का वितरण किया गया। ग्राम पंचायतो में आयोजित शिविरों में संबंधित हल्का पटवारी, ग्राम पंचायत के सचिव, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
जिले में अनेक ग्राम पंचायतों में आयोजित की जाएगी ’समाधान तुंहर दुआर’ शिविर-बालोद जिले में आयोजित की जा रही ’समाधान तुंहर दुआर’ शिविर के अंतर्गत 23 मार्च को बालोद जिले के अनेक ग्राम पंचायतों में ’समाधान तुंहर दुआर’ शिविर का आयोजन किया जाएगा। अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा तोमर ने बताया कि इसके अंतर्गत गुण्डरदेही विकासखण्ड के ग्राम पंचायत साजा, भटगांव, भुसरेंगा, अर्जुंदा तहसील के ग्राम पंचायत कमरौद, अर्जुनी टिकरी तथा गुरूर विकासखण्ड के ग्राम पंचायत कोलिहामार, धानापुरी, कपरमेटा में ’समाधान तुंहर दुआर’ शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा आयोजन को सफल बनाने हेतु सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। इसके लिए नोडल एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है।
