40 प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण पूर्ण करने पर प्रमाण पत्र प्रदान किए गए
महासमुंद – मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, महासमुंद के प्रशिक्षण केंद्र में 26 से 30 अक्टूबर 2026 तक आयोजित पांच दिवसीय पीयर एजुकेटर मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रशिक्षण में जिले के सभी विकासखंडों से कुल 40 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रत्येक विकासखंड से 08 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण में शामिल किया गया। प्रशिक्षण के दौरान पीयर एजुकेटर की भूमिका, किशोर-किशोरियों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता, जीवन कौशल विकास, स्वास्थ्य व्यवहार एवं समुदाय स्तर पर जागरूकता गतिविधियों के प्रभावी संचालन से संबंधित विभिन्न विषयों पर जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामकेश्वर सिंह कुशवाहा ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पीयर एजुकेटर किशोर-किशोरियों तक सही स्वास्थ्य जानकारी पहुंचाने और उनमें सकारात्मक स्वास्थ्य व्यवहार विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान एवं कौशल का उपयोग अपने-अपने विकासखंडों में प्रभावी रूप से करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती नीलू घृतलहरे ने भी प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षित पीयर एजुकेटर अपने-अपने क्षेत्रों में किशोर-किशोरियों के बीच स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी एवं जागरूकता पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी साबित होंगे। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में सीखी गई बातों को व्यवहार में लाने एवं निर्धारित गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की अपील की। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर के रूप में जिला सलाहकार श्री अनुपम शर्मा एवं हेल्थ एजुकेटर हरिशंकर साहू द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। साथ ही वैजती भोई, पुनम दीवान एवं रश्मि डहरिया ने भी प्रशिक्षण गतिविधियों मास्टर ट्रेनर के रूप सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता निभाई।
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर सभी 40 प्रशिक्षणार्थियों को सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने पर प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। पांच दिवसीय प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को अपने-अपने विकासखंडों में पीयर एजुकेटर गतिविधियों का प्रभावी संचालन करने एवं किशोर स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया गया।
