प्रकरण में थाना आवापल्ली द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए धमकीपूर्ण पर्चा तैयार कराने एवं फेकने के मामले में 02 आरोपी गिरफ्तार ।
थाना आवापल्ली क्षेत्रांतर्गत ग्राम पंचायत मुरदंडा में दिनांक 07 अक्टूबर 2026 की सुबह ग्रामीणों को नक्सली पर्चे मिले हैं। पर्चों में ग्राम पंचायत मुरदंडा के सरपंच नारायण काका, उपसरपंच नारायण कचलम एवं ग्रामीण जयमूर्ति चापड़ी को धमकी दी गई है।
ग्राम मुरदंडा निवासी एवं सरपंच नारायण काका दिनांक 07.10.2026 को प्रातः लगभग 07:00 बजे अपने घर से कमारगुड़ा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनके घर के पास रास्ते में उन्हें दो नक्सली पर्चे मिले। पर्चों में सरपंच एवं अन्य ग्रामीणों को धमकी देते हुए स्कूल निर्माण सहित अन्य कार्यों को लेकर चेतावनी दी गई थी । कुल 07 पर्चा मौके से मिली है । सरपंच नारायण काका की रिपोर्ट पर थाना आवापल्ली में अज्ञात व्यक्ति के विरूद्ध प्रथम सूचना पत्र दर्ज कर मामले की विवेचना प्रारंभ की गई ।
पुलिस अधीक्षक बीजापुर उमेश प्रसाद गुप्ता के मर्गदर्शन में थाना आवापल्ली पुलिस द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र में आवश्यक जांच-पड़ताल तथा पर्चे फेंकने वाले अज्ञात व्यक्तियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई ।
प्रकरण की बारीकी से विवेचना के दौरान महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए। विवेचना में यह तथ्य सामने आया कि ग्राम मुरदण्डा-बायेगुड़ा निवासी संदीप मड़कम द्वारा उक्त भूमि पर विगत 05 वर्षो से अवैध कब्जा किया गया था। माह जून 2026 में तहसीलदार द्वारा उक्त भूमि का सीमांकन कर वहां स्कूल भवन निर्माण हेतु प्रक्रिया की गई थी तथा अवैध कब्जा हटवाया गया था । इसके बाद संदीप मड़कम द्वारा नागेश बोड़के के साथ मिलकर माओवाद की आड़ में तीनों के नाम से भय का वातावरण निर्मित करने के उद्देश्य से धमकीपूर्ण पर्चा तैयार कर मुरदण्डा से कमारगुड़ा जाने वाले रास्ते पर फेंका गया ।
विवेचना के दौरान पूछताछ एवं प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां एक-एक कर जुड़ती गईं। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में मुख्य आरोपी संदीप मड़कम एवं नागेश बोड़के को पकड़ा गया है। प्रकरण में दोनों आरोपियों के विरूद्ध बीएनएस एवं छ0ग0 जनसुरक्षा अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत् वैधानिक कार्यवाही की गई है । अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।
*आम जनता से अपील*
पुलिस द्वारा आम जनता से अपील की जाती है कि किसी भी प्रकार के धमकी भरे पर्चे, संदिग्ध गतिविधि अथवा भ्रामक सूचना प्राप्त होने पर घबराने अथवा अफवाहों पर विश्वास करने के बजाय तत्काल इसकी सूचना नजदीकी पुलिस थाना अथवा पुलिस को दें।
किसी भी व्यक्ति द्वारा माओवादी अथवा किसी अन्य प्रतिबंधित संगठन का भय दिखाकर आमजन को डराने-धमकाने अथवा शासकीय कार्यों में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास किया जाता है, तो ऐसे व्यक्ति के विरुद्ध माओवादी गतिविधियों से संबंधित धाराओं एवं अन्य प्रासंगिक वैधानिक प्रावधानों के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बीजापुर पुलिस क्षेत्र में असामाजिक तत्वों द्वारा समाज में अराजकता एवं भय का वातावरण निर्मित करने वाले कृत्यों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने हेतु प्रतिबद्ध है।
जनता की सुरक्षा तथा क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आम नागरिकों से अपील है कि अफवाहों से बचें, सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देकर पुलिस का सहयोग करें।
