बालवाड़ी प्रशिक्षण सह कार्यशाला का विधायक ने किया औचक निरीक्षण

फिंगेश्वर :– विकासखंड स्रोत समन्वयक केंद्र फिंगेश्वर में एक दिवसीय बालवाड़ी प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजन के दौरान राजिम विधायक रोहित साहू द्वारा प्रशिक्षण स्थल का औचक निरीक्षण किया गया । विधायक ने प्रशिक्षणार्थियों से चर्चा कर बालवाड़ी शिक्षा के उद्देश्यों, बच्चों के सर्वांगीण विकास तथा गतिविधि आधारित शिक्षण के संबंध में जानकारी ली. विधायक रोहित साहू ने कहा कि बालवाड़ी बच्चों की शिक्षा की मजबूत नींव रखने का महत्वपूर्ण चरण है.इस स्तर पर बच्चों को खेल, गतिविधियों एवं आनंददायी वातावरण के माध्यम से सीखने का अवसर मिलना चाहिए. उन्होंने आगे कहा कि बच्चों की पहली पाठशाला ही उनके भविष्य की दिशा तय करती है. बालवाड़ी में बच्चों को जितना बेहतर वातावरण और सीखने के अवसर मिलेंगे उनके आगे की शिक्षा उतनी ही मजबूत होगी. शिक्षकों एवं पालकों से इस प्रशिक्षण में मिली जानकारी को अपने अध्यापन कक्ष एवं जीवन में उतारते हुए बच्चों के लिए अनुकूल शिक्षण वातावरण तैयार कर शिक्षा प्रदान करने की बात कही । विधायक ने कार्यालय का भ्रमण कर बीआरसी सुभाष शर्मा से संचालित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी तथा सभी कर्मचारियों से परिचय लिया । विकासखंड स्रोत समन्वयक सुभाष शर्मा ने विधायक का स्वागत करते हुए कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों एवं कार्यकर्ताओं को बालवाड़ी में बच्चों की आयु एवं रुचि के अनुरूप शिक्षण गतिविधियों से परिचित कराना है । बीआरसी द्वारा विधायक का आभार व्यक्त करते हुए केन्द्र में बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था हेतु प्रांगण में टीन शेड एवं अहाता निर्माण की आवश्यकता से अवगत कराया । प्रशिक्षक समीर समीर कशेर, विजय यादव, अश्विनी कुमार ने बताया इस प्रशिक्षण में भाषा विकास, प्रारंभिक गणितीय समझ, शारीरिक विकास, रचनात्मक गतिविधियां तथा बच्चों में सीखने की जिज्ञासा विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है. शिक्षिका दिव्या रानी यादव ने सभी प्रशिक्षणार्थियों द्वारा प्रशिक्षण से प्राप्त जानकारी को अपने विद्यालय एवं बालवाड़ी केंन्द्रो में प्रभावी रूप से लागू करने के संकल्प से विधायक को अवगत कराया । इस अवसर पर फिंगेश्वर महाविद्यालय जनभागीदारी अध्यक्ष राजू साहू, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष जगदीश यदु ,होरी लाल साहू, बबला नत्थानी,संकुल समन्वयक नरेश साहू, बालवाड़ी शिक्षक राकेश पांडे प्रेम कुमारी साहू,श्यामा यादव,दिनेश्वरी साहू, श्याम कुमार यादव सिंधु श्रीवास, जितेंद्र गुप्ता,लक्षेंद्र साहू,लक्ष्मी ठाकुर,आराधना नाग,पुराणिक जगत, लता वर्मा हेमलता साहू सहित कार्यालय के सभी कर्मचारी उपस्थित थे.