नगर पालिका की लापरवाही पर उठे सवाल, गंदगी और अव्यवस्था से स्थानीय लोगों में आक्रोश
नवापारा राजिम :- नगर पालिका परिषद गोबरा नवापारा के गौठान में अव्यवस्था और लापरवाही का मामला सामने आया है। उचित देखभाल और समय पर इलाज नहीं मिलने से गौठान में एक गाय और एक बछड़े की मौत होने की जानकारी सामने आई है। घटना ने गौठान में गौवंशों की देखरेख को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार गौठान में रखे गए गौवंशों को समय पर चारा-पानी और आवश्यक उपचार नहीं मिल पा रहा है। कई बीमार गायें उपचार के अभाव में परेशान हैं। बताया गया कि एक गाय और एक बछड़े ने दम तोड़ दिया। आरोप है कि बछड़े के शव को भी गौठान के बाहर फेंक दिया गया, जिससे व्यवस्था की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
गौठान परिसर में गंदगी और अव्यवस्था का आलम होने की बात भी सामने आई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गौसेवा और गौवंशों की सुरक्षा को लेकर दावे तो किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति इसके विपरीत नजर आ रही है।नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से गौठान की तत्काल सफाई, पर्याप्त चारा-पानी और बीमार गौवंशों के उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो आने वाले दिनों में और गौवंशों की जान खतरे में पड़ सकती है।
