प्रकृति शिक्षण विज्ञान यात्रा द्वारा राज्य अलंकरण 2026 समारोह 20 सितंबर को कुरुद में

फिंगेश्वर :–प्रकृति शिक्षण विज्ञान यात्रा छत्तीसगढ़ द्वारा शिक्षा, विज्ञान, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, स्वास्थ्य,कला-संस्कृति, समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण,रूढ़िवादिता एवं अंधविश्वास उन्मूलन तथा जन-जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों एवं समाजसेवियों के सम्मान के लिए राज्य अलंकरण 2026 समारोह का आयोजन किया जा रहा है.उक्त गरिमामय समारोह का आयोजन 20 सितंबर 2026, रविवार को प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन अकादमिक भवन, राखी मोड़ (चरमुड़िया), कुरुद, जिला धमतरी मे रखा गया है.कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित है।इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के सभी जिलों से चयनित और अन्य राज्यों से 10 शिक्षक सम्मानित होंगे. इस राज्य स्तरीय समारोह में पूरे छत्तीसगढ़ के सभी जिलों से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं नवाचारी कार्य करने वाले शिक्षक तथा समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाजसेवियों का चयन किया गया है। चयनित प्रतिभाओं को मुख्य अतिथि सुरेश अग्रवाल के हाथों सम्मानित किया जाएगा।संस्था के लखन लाल साहू ने बताया कि छत्तीसगढ़ में यह पहली ऐसी टीम के रूप में कार्य कर रही है, जो धरातल पर वास्तविक रूप से कार्य करने वाले शिक्षकों एवं समाजसेवियों को खोजकर, उनके कार्यों का मूल्यांकन कर सम्मानित करने तथा उनके सकारात्मक कार्यों को समाज के सामने लाकर प्रोत्साहित करने का प्रयास कर रही है।इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुरेश अग्रवाल, संस्थापक राष्ट्रीय अपूर्व विज्ञान मेला नागपुर (महाराष्ट्र) होंगे। अध्यक्षता अभिषेक शुक्ला, प्रकृति शिक्षण विज्ञान यात्रा छत्तीसगढ़, करेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में डॉ. राकेश कुमार सोनी, उप-कुलसचिव, अंजनेय विश्वविद्यालय, नया रायपुर; जगजीत सिंह धीर, जिला शिक्षा अधिकारी दुर्ग ,पद्मश्री अजय कुमार मंडावी,छत्तीसगढ़ नीरज वर्मा, इसरो साइंस एक्टिविस्ट, महाराष्ट्र; मनोज मिश्रा, संस्थापक, विकास फैमिली क्लब, बक्सर, बिहार, रश्मि वर्मा, आर.के. साइंस पार्क, गोंदिया, महाराष्ट्र; संध्या कुशाल, विज्ञान संचारक, जिला बस्तर एवं मोतीलाल देवांगन, समन्वयक, प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन, कुरुद, विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।इस कार्यक्रम को सफल बनाने में लखन लाल साहू, अशोक जंघेल, भुनेश्वर मरकाम, बृजलाल मंडावी, मनीष अहीर, हेमंत उइके , पूरन लाल साहू समीक्षा गायकवाड, ब्रजेश्वरी रावटे, परविंदर कौर गिल सहित टीम के सभी सदस्य कार्यक्रम की व्यवस्थाओं एवं तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।राज्य प्रवक्ता मनीष अहीर ने बताया कि प्रकृति शिक्षण विज्ञान यात्रा छत्तीसगढ़ ने बताया कि संस्था का उद्देश्य ऐसे शिक्षकों और समाजसेवियों को सामने लाना है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने क्षेत्र में निरंतर धरातल पर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे वास्तविक कार्यकर्ताओं का सम्मान निश्चित रूप से अन्य शिक्षकों, विद्यार्थियों और समाजसेवियों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।उक्त जानकारी प्रकृति शिक्षण विज्ञान यात्रा के शिक्षक पूरन लाल साहू ने दी.