कलेक्टर एवं सीईओ की उपस्थिति में सर्व समाज प्रमुखों की बैठक, अभियान को सफल बनाने सहयोग की अपील
बीजापुर – सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत जिले में सर्व समाज की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में सर्व समाज प्रमुखों एवं प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री विश्वदीप, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे, अपर कलेक्टर श्री भूपेंद्र अग्रवाल एवं सहायक आयुक्त सहित विभिन्न समाजों के प्रमुख एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में सेवा संकल्प अभियान 2026 के उद्देश्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में समाज की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला प्रशासन ने अभियान को व्यापक जनभागीदारी से सफल बनाने के लिए समाज प्रमुखों से सहयोग और सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
कलेक्टर श्री विश्वदीप ने कहा कि समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा गतिविधियों का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि समाज प्रमुख अपने-अपने समाज के लोगों को अभियान से जोड़ने के साथ ही पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने सभी समाज प्रमुखों से सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी का अभियान बनाने तथा इसकी गतिविधियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय सहयोग की अपील की।
बैठक में उपस्थित विभिन्न समाजों के प्रमुख एवं प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक सहयोग एवं सहभागिता का आश्वासन दिया। बैठक के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान को व्यापक सामाजिक सहभागिता के साथ आगे बढ़ाने और शासन की सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
