स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, भोपालपटनम में शुरू किया हस्ताक्षर अभियान

विधायक विक्रम मंडावी बोले—बिजली बिल के नाम पर जनता की जेब पर डाका; लालू राठौर का आरोप—जनता परेशान, सरकार उद्योगपतियों के हित में

बीजापुर – स्मार्ट मीटर को लेकर प्रदेश की सियासत गरमाने लगी है , प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर ने बुधवार को भोपालपटनम में स्मार्ट मीटर हटाने की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान शुरू कर भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस नेताओं ने स्मार्ट मीटर को आम उपभोक्ताओं के लिए आर्थिक बोझ बताते हुए सरकार की नीति पर तीखे सवाल खड़े किए।

अभियान के दौरान विधायक विक्रम मंडावी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार जनता को राहत देने के बजाय महंगी बिजली और बढ़ते बिजली बिलों का बोझ डाल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं और बिलिंग व्यवस्था को लेकर लोगों में असंतोष बढ़ रहा है।मंडावी ने कहा कि जिस स्मार्ट व्यवस्था के नाम पर पारदर्शिता और सुविधा का दावा किया जा रहा है, उसी व्यवस्था ने आम परिवारों की चिंता बढ़ा दी है।

जिले के हजारों उपभोक्ता बिजली बिलों को लेकर परेशान हैं। कांग्रेस जनता की आवाज को सड़क से लेकर सरकार तक पहुंचाने के लिए जिलेभर में हस्ताक्षर अभियान चला रही है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष लालू राठौर ने सरकार पर और भी तीखा हमला बोला , उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं, किसान खाद के लिए परेशान हैं और आम परिवार महंगे बिजली बिलों से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय स्मार्ट मीटर लगाने पर दिखाई दे रही है।

राठौर ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के नाम पर आम उपभोक्ताओं की जेब पर बोझ डाला जा रहा है और इसका फायदा बड़े उद्योगपतियों को पहुंचाया जा रहा है , उन्होंने कहा कि सरकार को जनता की परेशानी समझनी चाहिए और स्मार्ट मीटर को लेकर सामने आ रही शिकायतों की निष्पक्ष जांच करानी चाहिएउन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उपभोक्ताओं को बिजली बिलों में राहत नहीं मिलती और स्मार्ट मीटर को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होती, कांग्रेस का विरोध अभियान जारी रहेगा ,उन्होंने कहा कि हस्ताक्षर अभियान को जिले के अन्य क्षेत्रों तक ले जाकर सरकार पर जनता की आवाज सुनने का दबाव बनाया जाएगा

भोपालपटनम में आयोजित अभियान में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। कांग्रेस ने इसे आम उपभोक्ताओं की लड़ाई बताते हुए आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक करने के संकेत दिए हैं