पखांजूर (कांकेर): सुरजगढ़ माइंस से लगातार हो रहे ओवरलोड और भारी वाहनों के आवागमन के कारण पखांजूर क्षेत्र की मुख्य सड़क पूरी तरह जर्जर और बदहाल हो चुकी है। जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण सड़क पर चलना किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसा हो गया है।बरसात के इस मौसम में स्थिति और भी अत्यंत खतरनाक हो गई है, जिससे आए दिन सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। सड़क की खस्ताहाली की वजह से स्कूली बच्चों, गर्भवती महिलाओं, आम नागरिकों और गंभीर मरीजों को आवाजाही के दौरान भारी दिक्कतों और शारीरिक-मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है।
कलेक्टर एवं एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
जनहित से जुड़ी इस गंभीर समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी, पखांजूर इकाई एवं क्षेत्रीय प्रतिनिधियों द्वारा जिला कलेक्टर (कांकेर) और अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), पखांजूर के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई है कि:
सुरजगढ़ माइंस की भारी और ओवरलोड गाड़ियों के इस मार्ग पर आवागमन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए।
क्षतिग्रस्त सड़क का अविलंब पुनर्निर्माण कार्य शुरू कराया जाए।
7 दिनों का अल्टीमेटम, उग्र आंदोलन की चेतावनी
प्रतिनिधियों ने प्रशासन से स्पष्ट कहा है कि यदि 7 दिनों के भीतर जनहित की इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आम आदमी पार्टी और पखांजूर की आम जनता लोकतांत्रिक तरीके से सड़क पर उतरकर चक्का जाम और उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी। आंदोलन से उत्पन्न होने वाली समस्त व्यवस्था और शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी होगी।
