राजिम – ग्रीन आर्मी टीम नवापारा राजिम, छत्तीसगढ़ की सक्रिय एवं समर्पित सदस्य श्रीमती गोपेश्वरी साहू जी पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अपने सेवाभाव, मेहनत और प्रकृति के प्रति अगाध प्रेम के कारण विशेष पहचान रखती हैं। शिक्षिका के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के साथ-साथ वे पर्यावरण संरक्षण को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाए हुए हैं।
श्रीमती गोपेश्वरी साहू जी दूरस्थ वनांचल क्षेत्र में शिक्षिका के रूप में सेवाएं दे रही हैं। प्रतिदिन विद्यालय आने-जाने की व्यस्तता और जिम्मेदारियों के बावजूद वे प्रकृति और हरियाली से अपना जुड़ाव बनाए रखती हैं। प्रातः लगभग 5 बजे से पौधारोपण, पौधों की देखभाल एवं संरक्षण के कार्य में जुट जाना उनके पर्यावरण प्रेम और समर्पण को दर्शाता है। उनकी सक्रियता और कर्मठता से ग्रीन आर्मी टीम के अन्य सदस्य भी निरंतर प्रेरणा प्राप्त करते हैं।
गोपेश्वरी जी केवल स्वयं पौधारोपण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अपने विद्यालय परिसर को भी हराभरा एवं सुंदर बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास करती हैं। विद्यालय परिवार में किसी भी विशेष अवसर को वे प्रकृति संरक्षण से जोड़ने का संदेश देती हैं। विद्यार्थियों के जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाओं के साथ पौधा भेंट कर “पेड़ लगाएं, प्रकृति बचाएं” का संदेश देना उनकी पर्यावरणीय सोच और संस्कार निर्माण के प्रयास का सुंदर उदाहरण है।
जन्मदिन को बनाया प्रकृति के नाम
इसी पर्यावरणीय सोच को आगे बढ़ाते हुए 22 अगस्त 2026 को श्रीमती गोपेश्वरी साहू जी ने अपना जन्मदिन एक अनूठे एवं प्रेरणादायी तरीके से मनाया। जन्मदिन की खुशियों को केवल व्यक्तिगत उत्सव तक सीमित न रखते हुए उन्होंने इसे पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण अभियान के रूप में मनाने का निर्णय लिया।
इस अवसर पर ग्रीन आर्मी टीम नवापारा राजिम के सदस्यों के साथ वे नवापारा स्थित गोपाल गौशाला पहुंचीं। भारी बारिश के बीच भी पर्यावरण के प्रति उनका उत्साह और समर्पण कम नहीं हुआ। छाता लेकर उन्होंने टीम के साथ मिलकर लगभग 15–20 पौधों का रोपण किया तथा उन्हें सुरक्षित स्थानों पर लगाने और उनके संरक्षण की व्यवस्था में भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर गोपाल गौशाला नवापारा के संरक्षक रूपेंद्र चंद्राकर जी, RSS प्रमुख गोपाल यादव जी तथा गोपाल गौशाला के सभी गोसेवकों ने भी ग्रीन आर्मी टीम के साथ मिलकर पौधारोपण अभियान में सहभागिता की। सभी ने मिलकर विभिन्न प्रकार के पौधों को उपयुक्त एवं सुरक्षित स्थानों पर रोपित किया और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
“विशेष अवसर, प्रकृति के नाम” का संदेश
कार्यक्रम के दौरान ग्रीन आर्मी टीम के सदस्यों ने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि हम अपने जीवन के प्रत्येक महत्वपूर्ण अवसर को प्रकृति से जोड़ें। जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, बच्चों के जन्मदिन, संस्थान के स्थापना दिवस अथवा अन्य शुभ अवसरों पर पौधारोपण कर हम आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ व सुरक्षित पर्यावरण की नींव रख सकते हैं।
श्रीमती गोपेश्वरी साहू जी का जन्मदिन इसी सोच का प्रेरणादायी उदाहरण बना। जहां लोग अपने जन्मदिन पर केक काटकर खुशियां मनाते हैं, वहीं गोपेश्वरी जी ने बारिश के बीच पौधे लगाकर प्रकृति के साथ अपना जन्मदिन मनाया। यह संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने की आवश्यकता है कि हमारी खुशियां तभी सार्थक हैं, जब उनमें प्रकृति और समाज का हित भी जुड़ा हो।
जन्मदिन पर दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम के समापन अवसर पर ग्रीन आर्मी टीम नवापारा राजिम के सभी सदस्यों एवं उपस्थित गोसेवकों ने श्रीमती गोपेश्वरी साहू जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। सभी ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु, सुखी एवं खुशहाल जीवन की कामना करते हुए उनके पर्यावरण संरक्षण के कार्यों की सराहना की।
* *आर्मी टीम कि अध्यक्षा श्रीमती रेणुका तिवारी जी* ने कहा कि गोपेश्वरी साहू जी, अंजू अग्रवाल जी, पिंकी देवांगन जी, दुर्गेश सोनी जी जैसी समर्पित कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही पर्यावरण संरक्षण के अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की प्रेरणा देती है। उनका जीवन और कार्य यह संदेश देता है कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने हिस्से की जिम्मेदारी निभाए और एक-एक पौधे को अपने परिवार के सदस्य की तरह संरक्षण दे, तो समाज और पर्यावरण दोनों में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।
ग्रीन आर्मी टीम नवापारा राजिम का संकल्प है—
“विशेष अवसर मनाएं प्रकृति के साथ,
एक पौधा लगाएं और उसका संरक्षण करें।
हरियाली बढ़ाएं, पर्यावरण बचाएं,
आने वाली पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित बनाएं।”
विशेष अवसर को प्रकृति के साथ जोड़कर मनाया जन्मदिन — पर्यावरण संरक्षण का दिया प्रेरक संदेश
