कोंडागांव – कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के निर्देश तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रेनू प्रकाश के मार्गदर्शन में जिला महिला सशक्तिकरण केंद्र द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न विकासखंडों में किशोरी बालिकाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
यह प्रशिक्षण शासकीय हाई स्कूल डोगरीगुड़ा, गिरोला, फूकागिरोला तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला मुलमुला में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों में आत्मविश्वास विकसित करना, उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना तथा विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की रक्षा करने के लिए आवश्यक व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना था।
प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षकों एवं शिक्षकों ने बालिकाओं को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का अभ्यास कराया। साथ ही अत्याचार, हिंसा या किसी भी आपात स्थिति में धैर्यपूर्वक निर्णय लेने और सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित अन्य महत्वपूर्ण सहायता सेवाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
कार्यक्रम में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के उद्देश्य, बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने, लैंगिक समानता तथा बाल विवाह रोकथाम जैसे विषयों पर भी जागरूकता प्रदान की गई। उपस्थित किशोरियों को शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसर उपलब्ध कराने तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर जिला महिला संरक्षण केंद्र एवं महिला एवं बाल विकास विभाग से जिला मिशन समन्वयक श्रीमती रीना सिंह, जेंडर विशेषज्ञ राधाकृष्ण मांडी, विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में किशोरी बालिकाएं उपस्थित रहीं।
किशोरियों को मिला आत्मरक्षा प्रशिक्षण, सुरक्षा और अधिकारों की दी जानकारी
