योजनाओं का लाभ पाकर ग्रामीणों के चेहरे खिले
कलेक्टर, एसपी और जिला पंचायत सीईओ की मौजूदगी में विभागीय योजनाओं से ग्रामीण हुए लाभान्वित, नशामुक्त भारत का दिलाया गया संकल्प
बीजापुर – छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित ‘‘सुशासन तिहार-2026‘‘ के अंतर्गत भैरमगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत मिरतुर में विशाल समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आसपास के विभिन्न ग्राम पंचायतों के हजारों ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिले के अंदरूनी क्षेत्रों तक शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और अंतिम व्यक्ति तक सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर को ग्रामीणों का व्यापक समर्थन मिला।शिविर का शुभारंभ जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दशरी कोरसा, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती कोरसा, जनपद सदस्यगण, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंचों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति में विधिवत रूप से किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।24 से अधिक विभागों ने लगाए स्टॉल, मौके पर मिला योजनाओं का लाभ- समाधान शिविर में 24 से अधिक विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा कई हितग्राहियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया। ग्रामीणों ने शिविर के प्रति गहरी रुचि दिखाई और कार्यक्रम समाप्त होने तक पूरी तन्मयता से उपस्थित रहे।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया जिनमें- समाज कल्याण विभाग द्वारा बैसाखी एवं सहायक उपकरण वितरण, पंचायत विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ, स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड वितरण, मत्स्य विभाग द्वारा जाल एवं आईस बॉक्स वितरण, शिक्षा विभाग द्वारा जाति एवं जन्म प्रमाण पत्र प्रदान, परिवहन विभाग द्वारा 15 हितग्राहियों को लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस, कृषि विभाग द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड वितरण, राजस्व विभाग द्वारा डिजिटल किसान किताब का वितरण प्रमुख रूप से शामिल रहा।कलेक्टर विश्वदीप बोले योजनाओं से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे- शिविर में पहुंचे कलेक्टर विश्वदीप ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का व्यापक स्तर पर क्रियान्वयन कर अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं की सहज पहुंच सुनिश्चित करना शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से पूरे राज्य में सुशासन तिहार को उत्साह एवं जनभागीदारी के साथ त्योहार की तरह मनाया जा रहा है।
कलेक्टर ने ग्रामीणों से सभी विभागीय स्टॉलों का अवलोकन करने और अधिकारियों से योजनाओं की पात्रता एवं आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे और लाभ के लिए भटकना न पड़े, इसलिए शासन स्वयं गांव तक पहुंच रही है। उन्होंने पीएम किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, वनाधिकार पत्र, महतारी वंदन योजना, मातृत्व वंदना योजना, तेंदूपत्ता संग्रहण, आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए आधार कार्ड, बैंक खाता एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज बनवाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि अधिकांश योजनाओं की राशि डीबीटी माध्यम से सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में अंतरित की जाती है।बस्तर का विकास सरकार की प्राथमिकताः एसपी डॉ. जितेन्द्र यादव- पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव ने अपने संबोधन में कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार का विशेष फोकस बस्तर क्षेत्र के विकास पर है। वर्षों तक माओवाद प्रभावित रहने के कारण यह क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से दूर रहाए लेकिन अब बस्तर संभाग का समग्र विकास शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने और विकास की प्रक्रिया में सहभागी बनने का आह्वान किया।
नशामुक्त भारत की दिलाई गई शपथ- शिविर के दौरान स्वस्थ एवं सशक्त समाज निर्माण के उद्देश्य से कलेक्टर श्री विश्वदीप द्वारा उपस्थित जनसमूह को नशामुक्त भारत की शपथ भी दिलाई गई। युवाओं से समाज निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में एसडीएम भैरमगढ़ विकास सर्वे के नेतृत्व तथा जनपद पंचायत सीईओ श्री अभिषेक तंबोली के विशेष योगदान से सम्पन्न हुई। यह समाधान शिविर ने शासन और ग्रामीणों के बीच विश्वास एवं सहभागिता को और मजबूत करने का कार्य किया।
