गरियाबंद – वैसे तो नेता चुनाव के वक्त आते ही आम जनता को अपना मसीहा मानते हैं, और घर-घर जाकर वोट के भीख मांगने नजर आते हैं,लेकिन चुनाव खत्म होते ही उसी जनता को उसकी औकात बताने में लग जाते हैं। ऐसा ही कुछ नजारा देखने को मिला गरियाबंद के राजिम विधानसभा क्षेत्र में जहां नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव प्रचार के दौरान देखने को मिला,जहां एक सभा में विधायक साहब आम जनता को हेकड़ी निकालने की बात कहते वीडियो में नजर आ रहें हैं। यह पूरा मामला गरियाबंद जिले के राजिम विधानसभा का है, क्षेत्र के भाजपा विधायक रोहित साहू का ऐसा ही एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें वे किसी शख्स को धमकाते दिख रहे। वायरल वीडियो में विधायक रोहित साहू किसी शख्स को कहते नजर आ रहे कि “एक दिन में तुम्हारी हेकड़ी निकाल दूंगा,रोहित साहू जितना सीधा है, उतना ही टेढ़ा भी है,तुम रोहित साहू को नहीं जानते.” वहीं अब जनता कह रही है कि साहब, वोट देने से पहले नहीं जानते थे, गलती हो गई… लेकिन अब तो पहचान गए,दरअसल विधायक साहू पंचायत चुनाव में भाजपा के प्रचार में निकले थे, इस दौरान वे जनता को ही गरिया बैठे।
एक सभा के दौरान विधायक रोहित साहू के बिगड़े बोल
बोरसी गांव में एक सभा के दौरान विधायक साहू ने मंच से गांव के लोगों को कांग्रेस और पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ल का “तलवा चाटने वाला” कह दिया। समर्थकों की मानें तो ये सुनते ही भीड़ भड़क गई, वायरल वीडियो में विधायक रोहित साहू छत्तीसगढ़ी में कहते दिख रहे हैं कि “रोहित साहू ल सीधा झन समझ, तोर अमितेष शुक्ला ल पानी पिया दे हंव मय ह,चमचईगिरी झन कर इहां,ते दारू पीके मोर सामने बात मत कर समझ गेस,अभी अंदर करवाहूं।
वोट नहीं दिया तो सुविधा भी मत मांगे
राजिम क्षेत्र के अरंड गांव में जब ग्रामीणों ने विधायक से सड़क,पानी और बिजली की मांग रखी तो नेताजी का जवाब सुनकर लोग दंग रह गए। उन्होंने साफ कह दिया कि विधानसभा चुनाव में इस क्षेत्र से उन्हें वोट नहीं मिला तो यहां सुविधाएं भी नहीं दी जाएगी, अब गांव वाले कह रहे हैं कि “साहब, जब वोट मांगने आएंगे, तब हिसाब सूद समेत बराबर करेंगे,वहीं जो लोग विधायक साहू के संघर्ष के दिनों से साथ थे,वे भी अब उनके तेवर देखकर हैरान हैं।
