राजिम :–प्रदेश के शीर्षस्थ अधिकारी शिक्षा सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेसी के आगमन पर गरियाबंद जिले के अधिकारी प्रातः से ही राजिम में उपस्थित थे. स्थानीय सर्किट हाउस में शिक्षा सचिव ने गरियाबंद जिले के शिक्षा विभाग अंतर्गत विभिन्न अधिकारियों की संक्षिप्त बैठक लेकर जिले में चलाये जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों के संबंध में संक्षिप्त जानकारी ली तथा शिक्षा को बेहतर बनाने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए.श्री परदेसी ने आगामी राजिम कुंभ के दरमियान शिक्षा विभाग की गतिविधियों एवं अन्य योगदान के संबंध में भी जानकारी ली.शिक्षा सचिव ने संयुक्त संचालक राकेश पांडेय,जिला शिक्षा अधिकारी आनंद कुमार सारस्वत, जिला मिशन समन्वयक खेल सिंह नायक की उपस्थिति में सर्वप्रथम धर्म नगरी राजिम में स्थित ब्रह्मचर्य आश्रम अंतर्गत संस्कृत विद्यापीठ का निरीक्षण किया.जहां संस्कृत विषय में अध्ययन कर रहे कक्षा छठवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों से मिलकर उनका हाल-चाल पूछा तथा विद्यालय की समस्याओं से अवगत हुए.बटुकों द्वारा संस्कृत में स्वस्तिवाचन एवं विभिन्न श्लोक का सस्वर उच्चारण एवं अनुवाद सुनकर शिक्षा सचिव अभिभूत हुए.प्रदेश के आला अधिकारी द्वारा श्यामपट में संस्कृत के श्लोक लिखकर बच्चों से अनुवाद पूछा गया जिसका बच्चों द्वारा बेधड़क उत्तर देने से परदेशी संतुष्ट नजर आए.आश्रम के बालकों से आवास, भोजन, खेलकूद जैसी सुविधाओं के बारे में पूछा एवं खेल सामग्री उपलब्ध कराने निर्देश दिए । विकासखंड शिक्षा अधिकारी रामेंद्र जोशी एवं विकासखंड स्त्रोत समन्वयक सुभाष शर्मा से भवन एवं आवास की समस्याओं के संबंध में निवेदन करने पर शीर्ष अधिकारियों ने बटुकों के आवास एवं भोजनालय का निरीक्षण किया.आश्रम की साफ सफाई से संतुष्ट हुए एवं शिक्षकों से अध्यापन एवं पाठ्यक्रम आधारित विद्यालय में आने वाली परेशानियों के संबंध में जानकारी ली. त्रिवेणी संगम स्थित लोमस ऋषि आश्रम में संस्कृत विद्यापीठ के अध्ययनरत 20 बटुकों के उपनयन संस्कार आयोजित किए जाने पर शिक्षा सचिव ने बटुकों को संस्कार एवं संस्कृति की रक्षा करते हुए भावी पीढ़ी का नेतृत्व करते हुए नैतिक शिक्षा देने शुभकामनाएं प्रेषित की । संस्कृत विद्यापीठ के प्रधान पाठक भारती साहू, कंचन शर्मा, उमाकांत साहू, आचार्य चूड़ामणि पांडे रोशन शास्त्री एवं संकुल समन्वयक धर्मेंद्र सिंह ठाकुर अधिकारियों का तिलक लगाकर स्वागत किया एवं विद्यापीठ की स्थापना के संबंध में जानकारी दी।
