जल एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए सामुदायिक सहभागिता जरूरी – राज्यपाल श्री डेका

राज्यपाल ने पर्यावरण संवर्धन हेतु सभी से एक पेड़ लगाने का किया आह्वान।

राज्यपाल ने महासमुंद में ली अधिकारियों की बैठक

प्रमोद दुबे 

महासमुंद – छत्तीसगढ़ प्रदेश के महामहिम राज्यपाल श्री रमेन डेका ने जल एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए सामुदायिक सहभागिता पर जोर देते हुए पर्यावरण संर्वधन के लिए सभी से एक पेड़ लगाने का आह्वान किया है। राज्यपाल श्री डेका ने आज जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक में उक्त आशय के विचार व्यक्त किया। राज्यपाल ने जिले में विभिन्न केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के अलावा सामाजिक हितों के लिए जिले में किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी ली। राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि सरकार की योजनाओं का सफल क्रियान्वयन अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा सुनिश्चित किया जाता है। कल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन से इसका लाभ जन-जन तक पहुंचता है। उन्होंने अधिकारियों को दायित्वों का निर्वहन कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और समर्पण की भावना से करने कहा। राज्यपाल श्री डेका ने अधिकारियों से एजेण्डावार 20 विषयों पर विचार-विमर्श किया। साथ ही इस पर प्रशासनिक अधिकारियों से सुझाव आमंत्रित किया।बैठक में राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि जल संवर्धन और संरक्षण के लिए सभी शासकीय कार्यालयों में वाटर हार्वेस्टिंग के लिए कार्य किया जाए। यह सुनिश्चित करें कि वर्षा का जल संरक्षित रहे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शासकीय अधिकारी और कर्मचारी मानवीय संवेदना को ऊपर रखकर कार्य करें। केन्द्र और राज्य सरकार के सभी फ्लैगशिप योजनाओं का क्रियान्वयन बेहतर तरीके से किया जाए। योजनाएं तभी कारगर है जब इसका लाभ आम जन को मिले।