बारिश पर भारी जन्माष्टमी का उत्साह दही हांडी लूट देखने देर रात तक रही भीड़

प्रमोद दुबे 

महासमुंद – नगर में सोमवार को श्री कृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर शहर में शोभायात्रा भी निकाली गई। जहां फूलों से सजे रथ में भगवान श्री कृष्ण राधा की वेशभूषा धारण किए बच्चों को नगर भ्रमण कराया गया। शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्ग नेहरु चौक, बाजार पारा, बस स्टैंड, बरोंडा बाजार होते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंची। नगर भ्रमण के दौरान भगवान श्री कृष्ण व राधा की एक झलक पाने भक्त आतुर नजर आए। लोगों ने राधा कृष्ण की आरती कर सुख-समृद्धि की कामना की। शोभायात्रा में नगरवासी बड़ी संख्या में शामिल हुए। भक्त हाथ में ध्वज लिए जय कन्हैया लाल को हाथी घोड़ा पालकी, नंद का आनंद भयो जय कन्हैया लाल की के जयकारे लगाते हुए भक्त मार्ग में बढ़ रहे थे। नगर में कई जगह झांकी भी निकाली गई।

युवाओं ने डीजे की धुन में नाचते गाते हुए नगर भ्रमण किया। नगर के बस स्टैंड मार्ग में गुड़रूपारा, गंजपारा, बिजली ऑफिस, बस स्टैंड, बरोडा चौक समेत कई जगह दही हांडी का आयोजन किया गया। रात में युवाओं की टीम मीनार बनाकर दही लूटने आतुर नजर आए। बारिश में भी युवाओं का उत्साह कम नहीं हुआ। बारिश में दही लूट हुआ। दही हांडी लूट देखने देर रात तक नगरवासियों का हुजूम उमड़ा रहा। रात 9 बजे श्री राममंदिर परिसर में भजन का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में बच्चों ने दही लूट का आयोजन किया।