धूमधाम से मनाया गया गुरु पूर्णिमा का पर्व।

सुरेन्द्र मिनोचा
मनेन्द्रगढ़/एमसीबी – जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में रविवार को गुरु पूर्णिमा का पर्व उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान आश्रमों और मंदिरों में पूजा अर्चना की गई। बड़ी संख्या में लोगों ने धर्माचार्यों की शरण में पहुंचकर उनकी पूजा-अर्चना की। उपहार भेंट किए और सुख समृद्धि का आशीर्वाद लिया। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर श्री राम मंदिर के महंत पं. ओम नारायण द्विवेदी के शिष्यों द्वारा विशेष पूजा अर्चना की गई।
मनेन्द्रगढ़ में सुबह से ही गुरु पूर्णिमा पर्व की रौनक दिखाई देने लगी थी।मनेन्द्रगढ़ स्थित श्री राम मंदिर में स्थानीय निवासियों ने मंदिर में पहुंचकर पूजा अर्चना की और अपने गुरु महाराज की पूजा अर्चना कर उनसे सुख समृद्धि की कामना की।इस दौरान महाराज पं. ओम नारायण द्विवेदी ने कहा कि शास्त्रों में गुरु का दर्जा भगवान से भी बड़ा बताया गया है क्योंकि भगवान की शरण में जाने का रास्ता गुरु ही दिखाता है। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वे काम, क्रोध, लोभ और मोह जैसी बुराइयों का त्याग कर सत्य की राह को अपनाएं और सद्गुणों को ग्रहण करें। श्री राम मंदिर के साथ ही शहर के अन्य कई आध्यात्मिक संस्थाओं में भी गुरु पूर्णिमा का त्यौहार मनाया गया।

“गुरु अज्ञानता का अंधकार मिटाता है”

गुरु का महत्व बताते हुए प. ओम नारायण द्विवेदी ने कहा कि गुरु जीवन से अंधकार को दूर करता है तथा ज्ञान रूपी प्रकाश प्रदान करता है। इस मौके पर राष्ट्र कल्याण के लिए विशेष महामृत्युंजय यज्ञ भी किया गया और 1008 अहुतियां दी गईं।