शा. उ. मा. विद्यालय बेलबहरा की छात्राओं को किया गया साइकिल वितरण।

सुरेन्द्र मिनोचा
मनेंद्रगढ़/एमसीबी – शुक्रवार  को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलबहरा में सरस्वती साइकिल योजना अंतर्गत नवमी कक्षा की छात्राओं को साइकिल वितरण किया गया। सर्वप्रथम मां वीणापाणि के छायाचित्र पर पुष्प अर्पण कर एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत बेलबहरा के सरपंच परमेश्वर सिंह एवं पंच विजय सिंह सहित पालक गण उपस्थित रहे,जिनका संस्था के प्राचार्य बलराज पाल एवं शिक्षकों द्वारा पुष्पगुच्छ देकर अभिनंदन एवं स्वागत किया गया।

सरपंच परमेश्वर सिंह ने कहा कि साइकिल वितरण की इस योजना का छात्राओं को भरपूर लाभ मिलता है, छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं होती है, यह छात्राओं के लिए एक वरदान के समान है, आज छात्राएं हर स्तर पर अपना एवं अपने माता-पिता का नाम रोशन कर रही हैं, ग्रामीण अंचल में रहने वाली छात्राओं को हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूल आने-जाने में बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ता था, परंतु इस योजना के लाभ से छात्राएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। प्राचार्य द्वारा छात्राओं को तिलक एवं मिष्ठान देकर साइकिल वितरण का कार्यक्रम संपन्न किया गया। इस कार्यक्रम में संस्था के प्राचार्य सहित सभी शिक्षक उपस्थित रहे।