प्रमोद दुबे
महासमुंद – पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ विमल चोपड़ा ने कांग्रेस नेता धीरज सरफराज पर की गई जिला बदर के कार्यवाही को उचित ठहराते हुए इसे देर से लिया फैसला बताया। इस फैसले से उन परिवार को न्याय मिलेगा जिन्होंने शराब की लत में अपने परिवार को बर्बाद होते हुए देखा है, साथ ही अपनी आंखों के सामने अपनों को मरते हुए देखा है। पूरे क्षेत्र को अवैध शराब के शिकंजे में जकड़ कर अवैध कमाई करने वालों के लिए भारतीय जनता पार्टी के शासन का यह कड़ा संदेश है कि अब उनकी खैर नहीं भाजपा शासन के आते ही मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री के निर्देश पर अवैध नशे का जाल फैलाए कोचियों को कानून के शिकंजे में जकड़ा गया जिन सभी को कांग्रेस शासन का संरक्षण प्राप्त था, और एक मोटी रकम कांग्रेस के नेताओं को हफ्ते के रूप में पहुंचाते थे। आज ऐसे लोगों पर कठोर कार्यवाही का परिणाम है कि शराब की दुकानों पर चल रही ढेबर एंड कंपनी की अवैध दुकान बंद हो गई है और ढेबर एंड कंपनी के एजेंट अब जिला बदर और जेल जाने जैसी कार्यवाही के लिए तैयार रहें। धीरज सरफराज पर हुई इस कार्यवाही से उन लोगों को संतोष मिलेगा जो इनके अपराध के कारण प्रताड़ित रहे हैं। डा. चोपड़ा ने प्रशासन से मांग की है कि धीरज सरफराज की अवैध गुटखा फैक्ट्री प्रकरण पर भी कठोर कार्यवाही करें एवं उनकी संपत्ति की जांच करते हुए उसके मकान की नयापारा एवं सुभाष नगर की भूमि की भी जांच कर अवैध कब्जे पर बुलडोजर चलाया जाए।
